दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान हंगामा, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल

HIGHLIGHTS
- प्रदर्शनकारियों के पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
- कनॉट प्लेस समेत कई जगहों से 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।
- पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को बसों से मौके से हटाया।
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान शनिवार को राजधानी में हंगामे की स्थिति बन गई। आकाशवाणी भवन के पास इम्तियाज अली मार्ग पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे 25 से 30 प्रदर्शनकारी इम्तियाज अली मार्ग पर बैरिकेड्स पार कर सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंकने लगे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शन, 500 से ज्यादा लोग हिरासत में
पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने और नई दिल्ली जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर तक पहुंचने का प्रयास किया। इस दौरान कनॉट प्लेस समेत अलग-अलग स्थानों से पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
कई प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर अलग-अलग जगहों पर एकत्र होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें खदेड़कर हिरासत में लिया और बसों के जरिए वहां से ले गई। हिरासत में लिए गए कई लोग इस दौरान "इंकलाब जिंदाबाद" के नारे लगाते दिखाई दिए।
प्रदर्शन से पहले ही नेताओं को हिरासत में लिया गया
प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए प्रशासन ने नई दिल्ली जिले को 20 सेक्टरों में बांटा था। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे।
इससे पहले सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रंका को भी राजधानी पहुंचते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.