मंच शुद्धिकरण को लेकर भड़की कांग्रेस, अजय राय बोले- यह दलितों और संविधान पर प्रहार

HIGHLIGHTS
- अजय राय ने पुलिस भर्ती मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा।
- एक से अधिक पदों पर चयन से खाली होने वाले पदों को भरने की मांग की गई।
- प्रदेश के कई डॉक्टरों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद भाजपा की ओर से मंच का शुद्धिकरण किए जाने की घटना पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा देशभर में दलितों का अपमान कर रही है।
अजय राय ने कहा कि भाजपा का दलित विरोधी चेहरा बेनकाब हो चुका है। दलितों के अपमान का बदला हर हाल में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब शुद्धिकरण की आवश्यकता भाजपा और आरएसएस की जातिवादी राजनीति की है।
उन्होंने कहा कि मंच के शुद्धिकरण की घटना केवल मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान नहीं है, बल्कि यह देश के हर दलित पर प्रहार है। यह संविधान पर प्रहार है।
पुलिस भर्ती मामले में सीएम को लिखा पत्र
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पुलिस भर्ती मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने एक से अधिक पदों पर चयन के कारण रिक्त होने वाले पदों को अगले पात्र अभ्यर्थियों से तत्काल भरने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के 16 जनवरी 2023 के आदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई है। इसमें एक से अधिक पदों पर चयनित 124 अभ्यर्थियों को निम्नतर वेतनमान वाले पदों से हटाकर चयन परिणाम संशोधित किया गया था।
अजय राय ने कहा कि वर्तमान प्रकरण में भी इसी सिद्धांत को लागू किया जाना चाहिए। उच्चतर पद स्वीकार करने वाले अभ्यर्थियों को निम्नतर पद की सूची से हटाकर रिक्त हुए पदों पर पात्र प्रतीक्षा या आरक्षित अभ्यर्थियों को तत्काल अवसर दिया जाना चाहिए।
कई डॉक्टरों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
प्रदेश के कई डॉक्टरों ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस की सदस्यता ली। प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सदस्यता लेने वालों में प्रमुख रूप से डा. मनीषा सागर, डा. राज रेखा सागर, राजीव कुमार सागर, हिमांशु कुमार सागर, मीना कुमारी, कपिल देव, पूनम गुप्ता, संदीप कुमार, शांति देवी, राधा, खुशी मौर्या, चित्रा मौर्या, राजू, श्याम, विशाल, विपिन रावत, शैलेन्द्र कुमार, रितू, फूल कुमारी, प्रगति और राहुल आदि शामिल थे।
चढ़ावा चोरी और जमीन घोटाले को लेकर डिंपल का भाजपा पर निशाना
मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और जमीनों की खरीद-फरोख्त में कथित घोटाले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात किया।
डिंपल यादव ने कहा कि अयोध्या के जमीन मामलों और चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा जन-जन तक पहुंच चुका है। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव और सपा ने इन मामलों को उजागर किया, लेकिन भाजपा सरकार ने लीपापोती की।
दिल्ली में छात्रों और नौजवानों पर कार्रवाई का आरोप लगाते हुए उन्होंने लाठीचार्ज, पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल की बात कही। डिंपल ने कहा कि सपा ने विपक्षी दलों के साथ संसद के बाहर प्रदर्शन कर गृह मंत्री और सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में चंदा जुटाया गया, जिससे कुल 2,15,490 रुपये एकत्र हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.