देहरादून: 11 जुलाई से शुरू होगा लोक संवर्धन पर्व, देशभर की कला-संस्कृति का दिखेगा संगम

HIGHLIGHTS
- देहरादून में 11 से 15 जुलाई तक लोक संवर्धन पर्व का छठा संस्करण आयोजित होगा।
- महोत्सव में देशभर के करीब 150 स्टॉल पर हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया जाएगा।
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लाइव शिल्प प्रदर्शन और पारंपरिक व्यंजनों का भी आयोजन होगा।
देहरादून के परेड ग्राउंड में 11 से 15 जुलाई तक लोक संवर्धन पर्व के छठे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त सहयोग से आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 11 जुलाई को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। यह महोत्सव आम लोगों के लिए पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
पहली बार राज्य सरकार की भागीदारी से आयोजन
देहरादून में होने वाला यह आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि लोक संवर्धन पर्व का पहली बार किसी राज्य सरकार के सहयोग से आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखंड, प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत इस आयोजन में भागीदारी करने वाला पहला राज्य बना है।
इस पहल का उद्देश्य देश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, हथकरघा और खानपान की विरासत को बढ़ावा देना तथा कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।
150 स्टॉल पर दिखेगी देश की विरासत
महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों की कला और शिल्प को प्रदर्शित करने वाले करीब 150 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड के स्थानीय कारीगरों और उनकी कला पर आधारित होंगे।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प, अजरख प्रिंटिंग, लाख की चूड़ियां, लकड़ी की कलाकृतियां, पीतल शिल्प, टेराकोटा, बांस और बेंत के उत्पादों के साथ देश के कई राज्यों की पारंपरिक कलाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी यहां विशेष व्यवस्था होगी। करीब 20 फूड स्टॉल पर गढ़वाली, कुमाऊंनी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन और लखनवी सहित विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा।
कारीगरों को मिलेगा बाजार और प्रशिक्षण का मंच
महोत्सव में आने वाले लोग अनुभवी कारीगरों के लाइव प्रदर्शन देख सकेंगे। इसके अलावा खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे कारीगरों और छोटे उद्यमियों को व्यापार बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उद्घाटन दिवस पर प्रसिद्ध गजल गायक तलत अजीज प्रस्तुति देंगे। इसके बाद ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, उत्तराखंड के लोक बैंड 'पांडवाज़' और परमिश वर्मा समेत कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने पर्यटकों, विद्यार्थियों, कला प्रेमियों, खरीदारों और आम नागरिकों से 11 से 15 जुलाई तक सुबह 10 बजे से रात 8 बजे के बीच परेड ग्राउंड देहरादून पहुंचकर भारतीय कला, संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों का अनुभव करने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.