दिल्ली में यमुना पर शुरू हुई नमो क्रूज सफारी, जानें रूट और बुकिंग

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना सफारी का शुभारंभ किया।
- सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक चलेगा क्रूज।
- क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे।
- पूरी यात्रा का प्रस्तावित किराया 500 रुपये और परिसर का प्रवेश शुल्क 50 रुपये होगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना सफारी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया। सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी में मनोरंजन क्रूज सेवा शुरू की गई है। लोग आज से इस सफारी का आनंद ले सकेंगे।
यमुना सफारी के शुभारंभ के मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, मनोज तिवारी और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को पवित्र यमुना नदी से जुड़ा एक विशेष प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह मां यमुना के प्रति गहरी आस्था का प्रतीक होने के साथ ही दिल्लीवासियों को एक नया अनुभव प्रदान करेगी। सफारी में लाइट एंड साउंड शो और मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी। इसका मार्ग सोनिया विहार से जगतपुर तक निर्धारित किया गया है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि विपक्षी दलों ने दुष्प्रचार किया था कि गंगा में क्रूज नहीं चल पाएगा, लेकिन मोदी सरकार ने इसे संभव करके दिखाया।
सौरभ भारद्वाज ने प्रदूषण और यमुना सफारी पर उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राजधानी में वायु प्रदूषण और 'नमो यमुना रिवर सफारी' की शुरुआत को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सफर वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली से एक दिन पहले दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान महज पांच फीसदी था, जबकि दिवाली के दिन यह शून्य फीसदी रहा।
भारद्वाज के अनुसार, ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पंजाब से चलने वाली हवाएं पाकिस्तान की ओर जा रही थीं। उन्होंने दिल्ली के प्रदूषण के लिए पराली को जिम्मेदार ठहराने को भ्रामक बताया। उनका आरोप है कि दिल्ली सरकार पटाखा उद्योग को बचाने के लिए किसानों पर दोष मढ़ रही है।
'नमो यमुना रिवर सफारी' के उद्घाटन पर भी भारद्वाज ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मौजूदा नौका विहार सेवा को यमुना की सफाई का आभास देने के लिए बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि न तो दिल्ली की हवा साफ हुई है और न ही यमुना की स्थिति में सुधार आया है। उनके मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की निगरानी करने वाले स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और पानी का छिड़काव वास्तविक समस्या का समाधान नहीं है।
कितनी है टिकट की कीमत और क्या है क्रूज का रूट?
यमुना सफारी के लिए 30 यात्रियों की क्षमता वाला क्रूज चलाया जाएगा। एक तरफ से दूसरी तरफ जाने और फिर लौटने में करीब 35 से 45 मिनट का समय लगेगा।
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, पूरी यात्रा का किराया 500 रुपये रखा गया है, जबकि परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा। क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक जाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद यात्रियों को वापस उसी शुरुआती स्थान पर लाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.