सोनिया गांधी की किताब पर BJP का हमला, कहा- 'बिलॉन्गिंग' नहीं 'व्हाइटवॉशिंग' होना चाहिए था नाम

HIGHLIGHTS
- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर सवाल उठाए।
- केसवन ने कहा कि किताब का नाम 'बिलॉन्गिंग' की जगह 'व्हाइटवॉशिंग' होना चाहिए था।
- उन्होंने 1984 के सिख विरोधी नरसंहार और बाटला हाउस मुठभेड़ का जिक्र किया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को अपनी आत्मकथा का नाम 'बिलॉन्गिंग' की जगह 'व्हाइटवॉशिंग' रखना चाहिए था। केसवन के मुताबिक, किताब के जरिए नेहरू-गांधी परिवार की ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालने और कांग्रेस पार्टी के गंभीर अपराधों को छिपाने की कोशिश की गई है।
सीआर केसवन ने सवाल किया कि सोनिया गांधी ने बाबरी मस्जिद के लिए रोने का जिक्र किया है, लेकिन क्या उन्होंने 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के दौरान भी एक आंसू बहाया था? उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कांग्रेस के शासन में गुरुद्वारों पर हमले हुए और हजारों निर्दोष लोगों को बेरहमी से निशाना बनाकर उनकी हत्या कर दी गई।
भाजपा प्रवक्ता ने बाटला हाउस मुठभेड़ का मुद्दा उठाते हुए भी सोनिया गांधी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी बाटला हाउस के आतंकियों के लिए फूट-फूटकर रोई थीं, लेकिन क्या देश और नागरिकों की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए बहादुर जवानों के लिए भी उनकी आंखों से आंसू निकले थे? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में निर्दोष लोगों की हत्या पर भी सोनिया गांधी ने दुख जताया था?
यूपीए सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर सवाल किया कि क्या इसमें यह बताया गया है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने आतंकी हमलों के बाद कोई प्रभावी प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी? उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार इन हमलों के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रही।
आपातकाल को सही ठहराने पर भी निशाना
भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में जिस तरह आपातकाल को सामान्य बताने और उसे उचित ठहराने की कोशिश की है, वह चौंकाने वाला और निंदनीय है। केसवन के अनुसार, आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए थे और संविधान की हत्या की गई थी।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि 55 साल से अधिक समय तक केंद्र में कांग्रेस की सरकारें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नेहरू-गांधी परिवार के नियंत्रण में रहीं। केसवन का कहना है कि इन सरकारों ने देश की राजनीति और लोकतंत्र को भारी नुकसान पहुंचाया और गहरे घाव दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.