जेन्सेन हुआंग की दौलत में एक दिन में 7.4 अरब डॉलर की गिरावट, अमीरों की लिस्ट में 10वें नंबर पर पहुंचे

HIGHLIGHTS
- एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग की संपत्ति एक दिन में 7.4 अरब डॉलर घटी।
- उनकी कुल संपत्ति घटकर 154.7 अरब डॉलर रह गई है।
- दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में वह आठवें से दसवें स्थान पर पहुंच गए।
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग की कुल संपत्ति में एक ही दिन में 7.4 अरब डॉलर (69.5 हजार करोड़ रुपये) की कमी दर्ज की गई है। कंपनी के शेयरों में गिरावट के दबाव के चलते उनकी संपत्ति घटकर 154.7 अरब डॉलर (14.53 लाख करोड़ रुपये) पर आ गई। इसके साथ ही दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में उनकी रैंकिंग आठवें स्थान से गिरकर दसवें नंबर पर पहुंच गई है। इस गिरावट के बीच कंपनी के सीईओ की निजी जिंदगी से जुड़े विवाद की भी चर्चा हो रही है।
हुआंग ने अपनी पत्नी लोरी हुआंग के साथ बेवफाई करने की बात स्वीकार की है। हाल ही में एक कारोबारी अधिकारी के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर खबरें सामने आई थीं। रिपोर्टों में बताया गया था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक था कि वह अधिकारी चीन के लिए सूचनाएं जुटाने का काम कर रही थी।
एक दिन में कितनी कम हुई जेन्सेन हुआंग की संपत्ति?
फोर्ब्स के अनुसार, नौ नवंबर को कारोबार शुरू होने के शुरुआती 30 मिनट के भीतर ही जेन्सेन हुआंग की संपत्ति 7.4 अरब डॉलर घटकर 154.7 अरब डॉलर रह गई। इस गिरावट के बाद वह बर्कशायर हैथवे के प्रमुख वॉरेन बफेट और ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन से भी पीछे हो गए।
इससे पहले छह नवंबर को ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में हुआंग की संपत्ति 150.9 अरब डॉलर आंकी गई थी। व्यापक स्तर पर टेक शेयरों में बिकवाली के दौरान उनकी संपत्ति में 15.1 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी।
एनवीडिया ने हुआंग और कथित विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े मामले की खबरें सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच कराने का ऐलान किया है। हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी और बच्चों को तकलीफ पहुंचाने के लिए माफी मांगी। साथ ही उन्होंने जांच में सहयोग करने की बात भी कही।
हालांकि, एनवीडिया के बोर्ड का कहना है कि उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित सूचनाओं के साथ कोई समझौता किया गया है। फिलहाल हुआंग कंपनी के सीईओ बने हुए हैं।
एनवीडिया में 3.5 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी
जेन्सेन हुआंग के पास एनवीडिया की 3.5 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है और वह कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं। उनकी कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा वेतन के बजाय कंपनी में उनकी हिस्सेदारी की कीमत पर निर्भर करता है।
इसी कारण एनवीडिया के शेयरों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा और तेजी से असर उनकी संपत्ति पर दिखाई देता है। शेयरों के भाव में तेजी आने पर उनकी दौलत फिर बढ़ सकती है, जबकि गिरावट जारी रहने की स्थिति में उन्हें और नुकसान हो सकता है।
शेयरधारकों ने दायर किया मुकदमा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जेन्सेन हुआंग के खिलाफ प्रस्तावित क्लास एक्शन मुकदमा दायर किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि एनवीडिया और हुआंग ने शेयरधारकों को गुमराह किया। साथ ही, हुआंग के एक ऐसी महिला के साथ कथित संबंधों की जानकारी छिपाई गई, जिस पर चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह है।
चिप निर्माता कंपनी के कारोबार और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की बढ़ती जांच के बीच इस मुकदमे से एनवीडिया की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
सोमवार को कैलिफोर्निया के सैन जोस की संघीय अदालत में दायर शिकायत में कहा गया है कि एनवीडिया और जेन्सेन हुआंग ने इन संबंधों और उनसे जुड़ी राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का खुलासा नहीं किया। शेयरधारकों का दावा है कि इस वजह से कंपनी की छवि और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं को नुकसान पहुंचने का जोखिम पैदा हुआ है।
क्या एलिस हुआंग हैं चीनी जासूस?
यह मुकदमा जेन्सेन हुआंग के एलिस हुआंग नाम की महिला के साथ कथित संबंधों से जुड़ा है। एलिस हुआंग सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में पूर्व कार्यकारी रह चुकी हैं।
पिछले महीने न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि अमेरिकी अधिकारियों ने निष्कर्ष निकाला है कि एलिस हुआंग चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने वाली एजेंट थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.