गुरुग्राम में 'जलप्रलय', 9 स्कूली बसों में 2 घंटे तक फंसे रहे 300 से अधिक बच्चे
By Hitesh — August 24, 2026

HIGHLIGHTS
- सुभाष चौक पर शाम तक जलभराव की स्थिति बनी रही।
- दिल्ली-जयपुर हाईवे समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं।
- महावीर चौक, मेदांता रोड और राजीव चौक अंडरपास में भी पानी भर गया।
Author: — Dainik Dehat
गुरुग्राम। हरियाणा को सबसे अधिक राजस्व देने वाले गुरुग्राम में ड्रेनेज व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई। सोमवार को हुई मूसलधार बारिश के बाद शहर में कई जगह जलभराव हो गया और हालात 'जलप्रलय' जैसे नजर आए।
बादल फटने जैसी तेज बारिश के दौरान महज 35 मिनट में करीब 70 एमएम बारिश हुई। इसके चलते सुभाष चौक समेत कई प्रमुख सड़कें और अंडरपास पानी में डूब गए।
इस दौरान नौ स्कूली बसों समेत करीब 15 वाहन पानी में बंद हो गए। स्कूली बसों में 300 से अधिक बच्चे करीब दो घंटे तक फंसे रहे। बच्चों को बाहर निकालने के लिए आखिरकार अभिभावकों को खुद मौके पर पहुंचना पड़ा। वहीं, 50 से अधिक स्थानों पर लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा।
दो घंटे तक बसों में फंसे रहे 300 से अधिक बच्चे
सुभाष चौक पर शाम छह बजे तक बारिश का पानी कम नहीं हुआ। जलभराव के कारण बंद हुई स्कूली बसों और अन्य वाहनों को भी नहीं हटाया जा सका। इससे यातायात का दबाव बढ़ता गया। दिल्ली-जयपुर हाईवे सहित शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
गोल्फ कोर्स रोड पर भी जलभराव की स्थिति रही, जहां 100-100 करोड़ रुपये कीमत वाले फ्लैट हैं। इसी रोड के किनारे विकसित हो रही एक सोसायटी में इसी महीने करीब 300 करोड़ रुपये की कीमत का एक पेंट हाउस बिका है। सुभाष चौक के अलावा महावीर चौक, मेदांता रोड अंडरपास और राजीव चौक एनएमटी अंडरपास में भी पानी भर गया।
सिग्नेचर टावर, इफको चौक और गोल्फ कोर्स रोड पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। देर रात तक भी यातायात व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी थी।
सिस्टम की बदहाल स्थिति तब है, जब राज्य के कुल आबकारी राजस्व में गुरुग्राम का योगदान करीब 27 प्रतिशत और जीएसटी राजस्व में 25 से 40 प्रतिशत तक है। इसके अलावा कुल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में गुरुग्राम का योगदान करीब 60 प्रतिशत है।
बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावक
स्कूली बसों के पानी में फंसने की जानकारी मिलने के बाद अभिभावक चिंता में मौके पर पहुंचे। कई अभिभावकों ने फोन के जरिए बच्चों की स्थिति की जानकारी ली।
काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बसों से निकालकर सुरक्षित घर पहुंचाने की कोशिश की गई। इस दौरान अभिभावकों को भी जलभराव और जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई प्रमुख मार्गों पर हुआ जलभराव
तेज बारिश के बाद सुभाष चौक के अलावा कन्हाई चौक, सेक्टर-46, सेक्टर-47, सिग्नेचर टावर चौक, शीतला माता रोड और होंडा चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। इससे वाहनों की गति धीमी हुई और कई जगह जाम की स्थिति बन गई। मौके पर प्रशासन की टीम भी पहुंची।
जल्दी छुट्टी के बाद भी घर पहुंचने में देरी
बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा और सुविधा के लिए उन्हें समय से पहले स्कूल से छुट्टी देने का निर्णय लिया गया था। लेकिन जलभराव के कारण बच्चों को घर पहुंचने में ही देरी हो गई। कई अभिभावक बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे, लेकिन वापस लौटते समय उन्हें भी घंटों जाम का सामना करना पड़ा।
अभिभावकों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल
पालम विहार निवासी सुमंत यादव, न्यू कॉलोनी निवासी विशाल भारद्वाज, मोहिनी, पवन बंसल सहित अन्य अभिभावकों ने कहा कि बारिश होते ही बच्चों को जल्दी छुट्टी देने की व्यवस्था तो की जाती है, लेकिन शहर की सड़कें हर बार इस व्यवस्था के सामने चुनौती बन जाती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
संबंधित खबरें
गुरुग्राम में CM के काफिले को काले झंडे दिखाने पर 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 8 कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, ED कर्मचारी समेत दो दोस्तों की मौत; चालक गिरफ्तार



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.