मुजफ्फरनगर में दिशा समिति की बैठक, केंद्र की योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

HIGHLIGHTS
- हरेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से रिपोर्ट ली।
- पीएम आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन समेत कई योजनाओं पर चर्चा हुई।
- विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया गया।
मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने की। इसमें बिजनौर सांसद चंदन चौहान और विधायक राजपाल बालियान भी उपस्थित रहे। बैठक दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुई और लगभग तीन बजे तक चली।
केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सर्व शिक्षा अभियान, प्रेरणा, पीएम स्वनिधि, कृषि और जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। जिन कार्यों की रफ्तार धीमी पाई गई, उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर मौजूद पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
जनसमस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश
सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद चंदन चौहान और विधायक राजपाल बालियान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई जाने वाली जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने बुके देकर किया स्वागत
बैठक के आरंभ में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों का फूलों के बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान डीएम उमेश कुमार मिश्रा, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम प्रशासन, एमडीए सचिव, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.