दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर विवाद, 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत; पिता-पुत्र गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर कथित विवाद के बाद 48 वर्षीय पवन शर्मा की मौत।
- मामले में संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह गिरफ्तार।
- दुर्गा देवी के बयान पर 9 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज हुई।
दिल्ली मेट्रो में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर हुए कथित विवाद के बाद 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में मेट्रो पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
घटना 8 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:47 बजे की है। मृतक की पहचान पवन शर्मा (48) के रूप में हुई है। पुलिस को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पवन शर्मा को उनकी मां के साथ लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पवन शर्मा अपनी मां दुर्गा देवी (करीब 65 वर्ष) के साथ यमुना विहार की ओर जा रहे थे।
वरिष्ठ नागरिकों की सीट को लेकर हुआ विवाद
मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर संजय प्रताप सिंह (65) और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह (36) ट्रेन में सवार हुए। उस समय पवन शर्मा और उनकी मां वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीटों पर बैठे थे। इसी सीट को लेकर पवन शर्मा और दोनों आरोपियों के बीच कथित तौर पर विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया।
सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पहुंचने पर पवन शर्मा बेहोश हो गए।
दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
पवन शर्मा की मां दुर्गा देवी के बयान के आधार पर 9 अक्टूबर 2026 को एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने संजय प्रताप सिंह और सिद्धार्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.