ताजमहल में फोटो खिंचाने को लेकर विवाद, छात्रों और पर्यटकों के बीच मारपीट; वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- ताजमहल में फोटो खिंचाने के दौरान धक्कामुक्की से विवाद शुरू हुआ।
- अलवर के स्कूली छात्रों और अहमदाबाद से आए पर्यटकों के बीच मारपीट हुई।
- सीआईएसएफ ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया।
आगरा के ताजमहल में भीड़ के बीच फोटो खिंचाने के दौरान धक्कामुक्की को लेकर अहमदाबाद से आए पर्यटकों के ग्रुप और अलवर के स्कूली छात्रों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। घटना से वहां मौजूद पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। पैदल रास्ते पर शुरू हुई मारपीट करते हुए दोनों ग्रुप पार्क तक पहुंच गए। शोर-शराबा होने पर सीआईएसएफ के जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मारपीट करने वालों को पकड़ लिया।
हालांकि, करीब एक घंटे बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। दोनों ग्रुप ने एक-दूसरे से माफी मांगी और लिखित में समझौता पत्र भी दिया। इसके बाद उन्हें जाने दिया गया।
राजस्थान और अहमदाबाद से आए थे दोनों ग्रुप
राजस्थान के अलवर स्थित एक स्कूल का टूर रविवार दोपहर हेड मास्टर अजय कुमार के नेतृत्व में ताजमहल पहुंचा था। इस ग्रुप में कक्षा 12 के विद्यार्थी शामिल थे। वहीं, गुजरात के अहमदाबाद से जावेद समेत 15 लोगों का एक ग्रुप भी ताजमहल घूमने आया था।
ताजमहल के अंदर पैदल चलने वाले रास्ते पर दोनों ग्रुप फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान भीड़ के कारण धक्कामुक्की हो गई, जिसको लेकर छात्रों और पर्यटकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी और फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद मौके पर अन्य पर्यटकों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बना लिया, जो कुछ ही देर में वायरल हो गया।
गलतफहमी की बात कहकर लिखित में दिया समझौता
सीआईएसएफ के जवानों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही तो दोनों पक्ष माफी मांगने लगे। उन्होंने लिखित में दिया कि गलतफहमी के कारण विवाद हुआ था और वे किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इसके बाद दोनों ग्रुप को जाने दिया गया।
एडीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी। घटना ताजमहल के रेड जोन में हुई थी। इस संबंध में सीआईएसएफ से जानकारी ली गई। दोनों ग्रुप आपस में समझौता करके चले गए और किसी तरह की कार्रवाई नहीं कराई गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.