यूपी: TGT भर्ती में बीपीएड अभ्यर्थियों को TET से मिल सकती है राहत, आयोग ने शासन को भेजा पत्र

HIGHLIGHTS
- यूपी टीजीटी भर्ती में शारीरिक शिक्षा के अभ्यर्थियों को टीईटी से छूट मिलने की उम्मीद है।
- बीपीएड डिग्रीधारकों को बिना टीईटी के आवेदन का अवसर मिल सकता है।
- उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शासन को पत्र भेजा है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती की तैयारी कर रहे शारीरिक शिक्षा के अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। बीपीएड (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन) डिग्रीधारकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से छूट मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) को पत्र भेजकर अर्हता में बदलाव करने का अनुरोध किया है।
इस फैसले से तीन लाख से अधिक प्रतियोगी अभ्यर्थियों को लाभ मिलने की संभावना है। दरअसल, आयोग ने 23 अक्टूबर को प्रदेश के 4,512 अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी के 17,735 पदों पर भर्ती निकाली थी। इनमें शारीरिक शिक्षा विषय के 849 पद शामिल हैं। इनमें 784 पद बालकों और 65 पद बालिकाओं के लिए निर्धारित हैं।
इस भर्ती के तहत शारीरिक शिक्षा विषय के अभ्यर्थियों के लिए टीईटी पास होना अनिवार्य किया गया था। इस शर्त के कारण बीपीएड डिग्रीधारकों के सामने आवेदन को लेकर परेशानी खड़ी हो गई थी।
बीपीएड अभ्यर्थियों को क्यों हुई परेशानी?
दरअसल, उत्तर प्रदेश में अब तक आयोजित टीईटी परीक्षाओं में बीपीएड डिग्रीधारकों को शामिल होने का अवसर ही नहीं दिया गया। ऐसे में टीजीटी भर्ती में टीईटी की अनिवार्यता लागू होने से इन अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गईं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि देश के अन्य संस्थानों में शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों की भर्ती के लिए टीईटी अनिवार्य नहीं है। केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों में भी शारीरिक शिक्षा के पदों पर नियुक्ति के लिए यह शर्त लागू नहीं होती।
अभ्यर्थियों के विरोध के बाद आयोग ने उठाया कदम
प्रदेश में टीजीटी भर्ती के लिए शारीरिक शिक्षा विषय में टीईटी अनिवार्य किए जाने का अभ्यर्थियों ने विरोध किया था। विरोध के बीच ही आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी।
इसके बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इस योग्यता संबंधी शर्त में संशोधन के लिए शासन को पत्र भेजा है।
अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की ओर से शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों की किसी भी भर्ती में टीईटी अनिवार्य करने का प्रावधान नहीं किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.