परिसीमन विधेयक पर डीएमके का समर्थन, स्टालिन बोले- तमिलनाडु के तीन साल के संघर्ष की बड़ी जीत

HIGHLIGHTS
- डीएमके ने केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया।
- पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन ने इसे तमिलनाडु के तीन साल के संघर्ष की बड़ी जीत बताया।
- चेन्नई में स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
नई दिल्ली। डीएमके ने शनिवार को केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को औपचारिक समर्थन देने का ऐलान किया। पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन ने संशोधित प्रस्ताव को तमिलनाडु के लिए बड़ी जीत करार दिया है।
30 नवंबर को संसद के विशेष सत्र से पहले चेन्नई में एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में डीएमके सांसदों की बैठक हुई। इसी बैठक में विधेयक के समर्थन का फैसला लिया गया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह संशोधित प्रस्ताव के पक्ष में है, लेकिन लोकसभा में तमिलनाडु की सीटों की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की अपनी मांग पर भी कायम रहेगी। स्टालिन ने संशोधित परिसीमन विधेयक के समर्थन को तमिलनाडु के तीन साल के संघर्ष की बड़ी सफलता बताया।
स्टालिन ने किस बात पर दिया जोर?
स्टालिन ने कहा कि यह व्यावहारिक तरीका तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ संसद में राज्य की हिस्सेदारी का मौजूदा प्रतिशत बनाए रखने में मदद करेगा। इससे अगले 25 वर्षों तक राज्य के राजनीतिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
डीएमके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस प्रस्ताव की जानकारी साझा करते हुए लिखा, "संसद के विशेष सत्र से पहले डीएमके के संसदीय सदस्यों की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया है: हम तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व की रक्षा करेंगे! हम तमिलनाडु के अधिकारों को बनाए रखेंगे!"
डीएमके का यह समर्थन ऐसे समय में आया है, जब केंद्र सरकार परिसीमन प्रक्रिया के माध्यम से महिला आरक्षण लागू करने की कोशिशों को आगे बढ़ा रही है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की बात कही गई है।
इससे पहले डीएमके ने परिसीमन प्रस्ताव के पुराने प्रारूप का विरोध किया था। पार्टी का तर्क था कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण में हालिया जनसंख्या आंकड़ों का इस्तेमाल करने से संसद में तमिलनाडु की हिस्सेदारी घट सकती है। इससे उत्तरी राज्यों को अनुचित लाभ मिलने की आशंका भी जताई गई थी।
डीएमके के अन्य नेताओं ने क्या कहा?
पार्टी का कहना है कि संशोधित प्रस्ताव में उसकी प्रमुख चिंताओं का समाधान किया गया है। इसके तहत सभी राज्यों में सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान है। साथ ही लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को बरकरार रखा गया है।
डीएमके के मुताबिक, इस व्यवस्था से अगले 25 वर्षों तक राज्य का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुरक्षित रह सकेगा और महिलाओं के आरक्षण को भी लागू किया जा सकेगा। पार्टी के उप-महासचिव और सांसद ए. राजा ने कहा कि यह निर्णय लोकसभा में तमिलनाडु की सीटों की हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने के सिद्धांत के आधार पर लिया गया है।
ए. राजा ने कहा, "हमने यह फैसला इस सिद्धांत के आधार पर लिया है कि लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए... हम 59 सीटों के आंकड़े पर सहमत हुए हैं। अध्यक्ष ने हमें जरूरत पड़ने पर कोई भी अन्य संशोधन करने का पूरा अधिकार दिया है। जब कांग्रेस पार्टी हमारे गठबंधन का हिस्सा थी, तब भी कांग्रेस पार्टी की यही मांग थी। परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए। परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके का रुख आज भी वही है जो कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन में रहने के दौरान था।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारी लगातार यही मांग रही है कि 7.18 प्रतिसथ (लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी) का हिस्सा नहीं बदला जाना चाहिए। अभी इसे बरकरार रखा गया है। बेशक, कुछ प्रक्रियात्मक मुद्दे हैं। हम उन्हें सुलझा लेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम संशोधन पेश करेंगे।"
वहीं, डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार निष्पक्ष परिसीमन प्रक्रिया की मांग कर रही थी। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या में सभी राज्यों के लिए समान बढ़ोतरी होने से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि किसी भी राज्य को अनुचित लाभ या नुकसान न पहुंचे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.