परिसीमन का जिम्मा चुनाव आयोग को देना अस्वीकार्य, सरकार सत्ता के लिए बढ़ाना चाहती है सीटें: खरगे

HIGHLIGHTS
- मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन की बैठक हुई।
- बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा की गई।
- खरगे ने विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर शनिवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। इसमें संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा की गई। साथ ही सरकार के संभावित कदम के खिलाफ विपक्षी दलों ने साझा रणनीति तैयार की।
यह बैठक शनिवार सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली में खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित की गई। इसमें इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के फ्लोर लीडर्स शामिल हुए। इसके अलावा गठबंधन से बाहर के विपक्षी दलों डीएमके, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजद) सहित अन्य दलों को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि, डीएमके और शरद गुट की ओर से कोई नेता बैठक में शामिल नहीं हुआ।
खरगे ने क्या कहा?
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार की ओर से लाया जा रहा संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।
खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र को खत्म करके पूरी सत्ता अपने हाथों में लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले 400 पार का नारा दिया गया था, जो अब खत्म हो गया है। अब 800 पार का नारा दिया जा रहा है। सरकार 850 से ज्यादा सीटें करके सत्ता अपने पास रखना चाहती है।
खरगे ने सरकार पर क्या आरोप लगाए?
खरगे ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यह उनके साथ नाइंसाफी है। उन्होंने कहा कि वह परिसीमन के नुकसान के बारे में विस्तार से बताएंगे।
उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना होने वाली है। यदि इसका डेटा सामने आता है और उसके आधार पर एससी-एसटी को उनका उचित हिस्सा नहीं मिलता है, तो यह चिंता का विषय है। फिलहाल मौजूदा स्थिति के अनुसार उन्हें मिलने वाले हिस्से पर चर्चा हो रही है।
खरगे ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग ने करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए हैं, उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं कर सकता।
ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के रहते गड़बड़ी हो सकती है। किसे सामान्य और किसे आरक्षित सीट बनाया जाएगा, यह मनमाने तरीके से किया जा सकता है। उनके मुताबिक, परिसीमन में कुछ भी किया जा सकता है।
खरगे ने कहा कि वे चाहते हैं कि मतदाता सूची से छूटे 10 करोड़ लोगों के मामले को ध्यान में रखा जाए और आरक्षण निष्पक्ष तरीके से लागू हो। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि ज्ञानेश कुमार निष्पक्षता से आरक्षण लागू करने के लिए तैयार नहीं हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। खरगे ने कहा कि पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने के लिए मजबूती से काम किया जा रहा है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज के साथ महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक दोबारा पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.