परिसीमन बिल और महिला आरक्षण पर BRS का समर्थन, KTR बोले- राज्यसभा में पक्ष में वोट करेंगे सांसद

HIGHLIGHTS
- भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने केंद्र सरकार के परिसीमन बिल और महिला आरक्षण प्रस्ताव का समर्थन किया है।
- पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने शनिवार को समर्थन की घोषणा की।
- KTR के मुताबिक, सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव से पार्टी की सबसे बड़ी चिंता दूर हुई है।
नई दिल्ली। देश में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी बीच भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने शनिवार को केंद्र सरकार के परिसीमन बिल और महिला आरक्षण लागू करने के प्रस्ताव का समर्थन करने का ऐलान किया है।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने कहा कि लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव से उनकी पार्टी की सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई है। केटीआर ने बयान जारी कर कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर BRS का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है। पार्टी चाहती है कि दक्षिण भारत के राज्यों की संसदीय हिस्सेदारी में कमी न आए और तेलंगाना के साथ किसी तरह का अन्याय न हो।
दक्षिण भारत की संसदीय हिस्सेदारी रहेगी सुरक्षित
के चंद्रशेखर राव (KCR) के नेतृत्व वाली BRS लगातार यह मांग उठाती रही है कि संसद में दक्षिण भारतीय राज्यों की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखी जाए। नए बिल में 2051 तक राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात में बदलाव नहीं करने की गारंटी दी गई है। इससे दक्षिण भारत की हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी।
वहीं, परिसीमन बिल के नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे तेलंगाना में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 17 से बढ़कर 26 हो जाएगी।
प्रस्ताव के समर्थन में वोट करेंगे BRS के सांसद: KTR
केटीआर ने कहा कि तेलंगाना के हितों को सबसे ऊपर रखते हुए राज्यसभा में पार्टी के तीनों सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि BRS हमेशा से महिला आरक्षण का समर्थन करती रही है और इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि वर्तमान में लोकसभा में BRS का कोई सांसद नहीं है, जबकि राज्यसभा में पार्टी के तीन सदस्य हैं।
सोमवार से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार महिलाओं को एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। इसके तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। नई सीटों और सीमाओं को 2051 तक के लिए स्थिर यानी फ्रीज किया जाएगा। इस उद्देश्य से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।
संसद के विशेष सत्र का कार्यक्रम:
30 नवंबर: लोकसभा की बैठक शुरू होगी।
2 दिसंबर: राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी।
3 दिसंबर: सरकारी कामकाज के अनुसार सत्र का समापन होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.