नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ग्रैंड विटारा पलटने से तीन लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- नूंह के फिरोजपुर झिरका में साइमीर बास गांव के पास हुआ सड़क हादसा।
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ग्रैंड विटारा कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
- दुर्घटना में कार चालक महताब सिंह और जसलीन कौर की मौके पर मौत हुई।
नूंह। दिल्ली से जयपुर लौट रहे एक परिवार की ग्रैंड विटारा कार नूंह में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार पलटने से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में कार चला रहे महताब सिंह और जसलीन कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल विरेंद्र सिंह, अमृत कौर और कामिनी को मेडिकल कॉलेज नूंह ले जाया गया। हालांकि, अमृत कौर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
विरेंद्र सिंह और कामिनी को मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित हुई कार
मृतक परिवार जयपुर की सेठी कॉलोनी का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित हो गया। यह दुर्घटना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर फिरोजपुर झिरका के साइमीर बास गांव के पास हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को जिला अस्पताल में रखवाया। मृतक महताब सिंह के भांजे सार्थक ने बताया कि महताब सिंह का भाई ऑस्ट्रेलिया में रहता है। उसे हादसे की जानकारी दे दी गई है। उसके भारत पहुंचने के बाद पुलिस की कार्रवाई की जाएगी। उसके शनिवार शाम तक पहुंचने की उम्मीद है।
कार में सवार थे परिवार के पांच सदस्य
जानकारी के अनुसार, जयपुर की सेठी कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय महताब सिंह शुक्रवार देर शाम अपनी ग्रैंड विटारा कार से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते जयपुर के लिए रवाना हुए थे। कार में उनकी पत्नी कामिनी, मां अमृत कौर (80 वर्ष), भाई विरेंद्र सिंह और भाई की पत्नी जसलीन कौर (54 वर्ष) भी सवार थीं।
बताया गया कि परिवार किसी निजी काम से दिल्ली आया था। शुक्रवार को जयपुर लौटते समय नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उपमंडल में साइमीर बास गांव के पास तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई। वाहन एक्सप्रेसवे पर बने डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी चंद्रभान ने पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा। कार में फंसे लोगों को पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में कार चला रहे महताब सिंह और उनके भाई की पत्नी जसलीन कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महताब सिंह की पत्नी कामिनी और उनके भाई विरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अमृत कौर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
पुलिस को अभी तक नहीं मिली लिखित शिकायत
हादसे में जान गंवाने वाले महताब सिंह के भांजे सार्थक ने पुलिस को बताया कि महताब सिंह का भाई ऑस्ट्रेलिया में रहता है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया से भारत के लिए रवाना हो चुका है और उसके शनिवार शाम तक पहुंचने की संभावना है।
सार्थक के मुताबिक, उसके यहां पहुंचने के बाद ही पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.