कोलकाता के SRFTI कैंपस में आधी रात के बाद पुलिस कार्रवाई, 300 से ज्यादा जवानों ने हटाया छात्रों का धरना

HIGHLIGHTS
- सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में शनिवार सुबह फिर तनाव की स्थिति बनी।
- छात्रों के अनुसार, तड़के करीब छह बजे 300 से अधिक पुलिसकर्मी कैंपस में दाखिल हुए।
- पुलिस ने छात्रों का धरना मंच हटाकर फर्नीचर और अन्य सामान पिकअप वैन में बाहर पहुंचाया।
कोलकाता। सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में शनिवार सुबह एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। छात्रों के मुताबिक, तड़के करीब छह बजे 300 से अधिक पुलिसकर्मी कैंपस में पहुंचे। इनमें कई पुलिसकर्मियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उनका धरना मंच तोड़कर हटा दिया। इसके अलावा वहां मौजूद फर्नीचर और दूसरे सामान को दो छोटे पिकअप वैन में भरकर कैंपस से बाहर ले जाया गया। छात्रों का दावा है कि हटाया गया पूरा सामान संस्थान का ही था।
छात्रों के साथ धक्का-मुक्की, छात्राओं से दुर्व्यवहार का आरोप
पुलिस की कार्रवाई का विरोध कर रहे छात्रों और जवानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए कई छात्रों को घसीटकर वहां से हटाया। इस दौरान छात्राओं के साथ भी बदसलूकी और खींचतान की गई। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे लोगों के मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई।
एक छात्र के अनुसार, पुलिस ने बिना किसी उकसावे के यह कार्रवाई की। सुबह करीब साढ़े सात बजे तक पूरे कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। छात्रों को हॉस्टल से मुख्य गेट की तरफ जाने और कैंपस से बाहर निकलने से रोक दिया गया। इसके चलते वे आपस में संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं।
प्रशासन ने दी सफाई, 27 सितंबर से जारी है विवाद
मामले पर एसआरएफटीआई प्रशासन ने बयान जारी कर अपनी कार्रवाई का बचाव किया है। प्रशासन का कहना है कि छात्रों का एक वर्ग पिछले एक महीने से अधिक समय से कैंपस के अंदर अवैध रूप से धरना दे रहा था। अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस की सहायता से इस अवैध ढांचे को हटाया गया है।
प्रशासन ने आरोप लगाया कि छात्र 'शांतिपूर्ण विरोध' की आड़ में आग जलाने, तेज आवाज में गाने बजाने, देर रात तक पार्टी करने, बाहरी लोगों को अवैध तरीके से बुलाकर शिक्षकों और कर्मचारियों को डराने जैसी गतिविधियों में शामिल थे। इसके अलावा शराब और नशीले पदार्थों के सेवन के आरोप भी लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि 27 सितंबर से जारी इस विवाद के चलते संस्थान प्रशासन पहले ही विशेष नोटिस जारी कर 11 दिसंबर तक पढ़ाई बंद रखने का आदेश दे चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.