डीयू ने सेंट स्टीफेन काॅलेज की प्रिंसिपल की नियुक्ति पर लगाई रोक

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय और सेंट स्टीफेंस कॉलेज के बीच नए प्राचार्य की नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज में हाल ही में नियुक्त की गई प्रो. सुसान एलियास की नियुक्ति पर फिलहाल रोक लगा दी है।
डीयू रजिस्ट्रार की ओर से कॉलेज की गवर्निंग बॉडी को पत्र भेजकर चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई गई है। पत्र में कहा गया है कि प्राचार्य चयन के लिए गठित समिति का गठन यूजीसी रेगुलेशन 2018 के प्रावधानों के अनुसार नहीं किया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जब तक नई चयन समिति यूजीसी नियमों के अनुरूप गठित नहीं होती, तब तक प्राचार्य नियुक्ति से जुड़ी आगे की कार्रवाई न की जाए।
चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल
रजिस्ट्रार ने अपने पत्र में कहा कि यूजीसी नियमों के तहत चयन समिति में विश्वविद्यालय द्वारा नामित विशेषज्ञों की भागीदारी अनिवार्य है, लेकिन इस प्रक्रिया में विश्वविद्यालय से नामांकन नहीं मांगा गया। इसी आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया को नियमों के विपरीत बताया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के लिए अलग प्रावधान जरूर हैं, लेकिन उनका पालन भी तय नियमों के अनुसार ही होना चाहिए।
ऐतिहासिक नियुक्ति पर अनिश्चितता
गौरतलब है कि सेंट स्टीफेंस कॉलेज ने प्रो. सुसान एलियास को संस्थान की पहली महिला प्राचार्य के रूप में चुना था। उनका कार्यकाल 1 जून 2026 से शुरू होना प्रस्तावित था। 145 साल पुराने इस प्रतिष्ठित कॉलेज में यह फैसला ऐतिहासिक माना जा रहा था, लेकिन अब विश्वविद्यालय के हस्तक्षेप के बाद पूरी प्रक्रिया फिलहाल अनिश्चितता में चली गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.