पूर्वी कमांडर ने त्रिपुरा-मिजोरम सीमा का दौरा कर सुरक्षा स्थिति का किया जायजा

कोलकाता। बांग्लादेश में जुलाई विद्रोह के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद पैदा हुए तनाव और हिंसा के बीच भारतीय सेना के पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी ने शुक्रवार को त्रिपुरा और मिजोरम में भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा किया और सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
पूर्वी कमान मुख्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि लेफ्टिनेंट जनरल तिवारी ने दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया सीमा चौकी का दौरा कर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हालात की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का आंकलन किया।
जनरल तिवारी ने मिजोरम के परवा में असम राइफल्स और BSF के कंपनी ऑपरेटिंग बेस का भी दौरा किया। उन्होंने वहां जवानों की तत्परता, अनुशासन और कार्यकुशलता की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि कमांडर ने सैनिकों को उच्च सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बांग्लादेश में पिछले साल जुलाई विद्रोह के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने हाल ही में टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए हादी की मौत की पुष्टि की। इसके बाद चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायुक्त के आवास पर पथराव समेत कई हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
इस दौरे के दौरान भारतीय सेना की पूर्वी कमान ने स्थिति की समीक्षा कर सीमा पर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.