चुनाव आयोग ने दोगुनी की बीएलओ की सैलरी, ईआरओ और एईआरओ को भी मिलेगा मानदेय

दिल्ली। मतदाता सूची को सटीक और पारदर्शी बनाने में जुटे फील्ड अधिकारियों के लिए चुनाव आयोग ने बड़ा निर्णय लिया है। आयोग ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), BLO सुपरवाइजर, असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (AERO) और इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) के मानदेय में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी करते हुए उन्हें बेहतर आर्थिक प्रोत्साहन देने की घोषणा की है। 2015 के बाद यह पहली बार है जब इतने व्यापक स्तर पर मानदेय संशोधित किया गया है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, BLO और अन्य अधिकारी जमीनी स्तर पर मतदाता सूची तैयार करने और उसे अद्यतन रखने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके काम को मान्यता देते हुए मानदेय बढ़ाने का फैसला किया गया है।
नई व्यवस्था के अनुसार, बूथ लेवल ऑफिसर को मिलने वाला वार्षिक मानदेय 6,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये कर दिया गया है। मतदाता सूची संशोधन से जुड़ा उनका प्रोत्साहन भी 1,000 से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है। BLO सुपरवाइजर की वार्षिक राशि अब 18,000 रुपये होगी, जो पहले 12,000 रुपये थी।
सबसे उल्लेखनीय बदलाव यह है कि AERO को पहली बार 25,000 रुपये और ERO को 30,000 रुपये प्रतिवर्ष सम्मान राशि दी जाएगी, जबकि पहले उन्हें कोई अलग मानदेय नहीं मिलता था।
बिहार के BLO को अतिरिक्त प्रोत्साहन
बिहार में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के लिए BLO को 6,000 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी स्वीकृत की गई है। आयोग का कहना है कि यह निर्णय फील्ड स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाएगा और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने में मदद करेगा।
प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया गया कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव उसी स्थिति में संभव हैं जब वोटर लिस्ट पूर्ण और त्रुटिरहित हो, और इसमें फील्ड अधिकारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। नए फैसले से देशभर के लाखों BLO, सुपरवाइजर, ERO और AERO को राहत मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.