फतेहगढ़ साहिब में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, एक को लगी गोली

HIGHLIGHTS
- दोनों आरोपियों को 17 सितंबर को रंगदारी मामले में हिरासत में लिया गया था।
- पुलिस ने संघोल के बंद पड़े भट्ठे के पास हथियार छिपाने की जानकारी पाई।
- मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुआ।
फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब के गांव संघोल में शुक्रवार को हथियारों की बरामदगी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि भागने की कोशिश में दूसरे बदमाश को भी चोट आई।
दोनों आरोपियों को रंगदारी मांगने के आरोप में 17 सितंबर को हिरासत में लिया गया था। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुआ। तीनों को उपचार के लिए खमाणों के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों के तार पाकिस्तान मॉड्यूल से जुड़े होने की आशंका जताई है।
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसएसपी शुभम अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से खमाणों क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को लगातार फोन पर रंगदारी के लिए धमकियां दिए जाने के मामले सामने आ रहे थे।
यूनाइटेड किंगडम का नंबर हुआ ट्रेस
इस संबंध में 13 सितंबर को एक एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की जांच के लिए एसपी डी अमनदीप बराड़ के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें डीएसपी खमाणों, सीआईए इंचार्ज और तकनीकी व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस टीमों को शामिल किया गया था।
जांच के दौरान टीम ने एक ऐसा नंबर ट्रेस किया, जो पीएसएल 44 यानी यूनाइटेड किंगडम का बताया जा रहा था। फोन नंबर की कॉलिंग लोकेशन ट्रेस करने पर गांव ठीकरीवाल निवासी अजीत का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार, अजीत खमाणों के एक जिम में ट्रेनिंग के लिए जाया करता था। इसी दौरान उसकी जिम ट्रेनर अमनप्रीत सिंह से नजदीकियां बढ़ीं। दोनों ने लोगों को डराकर रंगदारी मांगने की योजना बनाई। अमनप्रीत आर्थिक रूप से संपन्न व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की जानकारी जुटाकर अजीत को देता था।
अजीत ने पुलिस पर की फायरिंग
अजीत यूके के नंबर से लोगों को धमकाकर रंगदारी मांगता था। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को वीरवार को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में उन्होंने संघोल स्थित एक बंद पड़े भट्ठे के पास हथियार छिपाए जाने की जानकारी दी थी।
हथियारों की बरामदगी के लिए शुक्रवार शाम एएसआई नाजर सिंह की टीम दोनों आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची। एसएसपी शुभम अग्रवाल के मुताबिक, बरामदगी के दौरान अजीत ने हथियार से पुलिस पर फायर कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इसमें अजीत के पैर में गोली लगी, जबकि अमनप्रीत दीवार से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी तमंचा बरामद किया है।
एसएसपी ने बताया कि तकनीकी सर्विलांस के दौरान सामने आया कि अजीत पाकिस्तान में किसी व्यक्ति के संपर्क में था। अजीत सोशल मीडिया के माध्यम से भी पाकिस्तान में संपर्क में था। उन्होंने आशंका जताई कि यह मामला पाकिस्तान मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है। इसकी जांच की जा रही है।
एसएसपी के अनुसार, आरोपी अजीत के खिलाफ पहले से जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। जुलाई में ही वह पटियाला जेल से जमानत पर बाहर आया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.