मनाली से अमृतसर जा रही वॉल्वो बस फ्लाईओवर से गिरी, 4 यात्रियों की मौत

HIGHLIGHTS
- बस में चालक समेत कुल 41 यात्री सवार थे।
- प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया।
मनाली से अमृतसर जा रही पर्यटकों से भरी वॉल्वो बस सोमवार तड़के करीब 4:40 बजे मजारी गांव के पास बंगा हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। बस फ्लाईओवर से अनियंत्रित होकर नीचे स्लिप रोड पर जा गिरी। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बस में चालक समेत कुल 41 यात्री सवार थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस फ्लाईओवर पर अचानक बेकाबू हो गई और पलटते हुए नीचे स्लिप रोड पर जा गिरी। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए बंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उनकी हालत के अनुसार दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया।
बंगा के डीएसपी हरजीत सिंह रंधावा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यात्रियों के सामान को सुरक्षित करवाया।
हादसे में जान गंवाने वालों में केरल निवासी और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की छात्रा जोसना जॉर्ज, अमृतसर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विशाल रट्टू और लुधियाना निवासी आदित्य गौतम शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। पोस्टमार्टम के बाद जोसना जॉर्ज और विशाल रट्टू के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। सभी शव शिवपुरी बाबा गोला स्थित शवगृह में रखे गए थे।
पुलिस ने बस चालक विवेक कुमार को हिरासत में लिया है। विवेक कुमार, सूरज मणि का पुत्र है और शर्णा गांव, बल्ह (रत्ती), जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश का निवासी है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 125, 125(बी), 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
हादसे में सुरक्षित बचे 21 यात्रियों को पुलिस ने उनका सामान सौंप दिया, जिसके बाद उन्हें घटनास्थल से रवाना कर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.