भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन के घर CBI की छापेमारी, भाई के ठिकाने पर भी पहुंची टीम

HIGHLIGHTS
- CBI की टीम संगरूर स्थित राजबीर घुम्मन के घर पहुंची।
- मोहाली के फेज-11 में उनके भाई गुरकिरपाल सिंह थिंद के घर भी छापा पड़ा।
- जांच टीम मुख्यमंत्री कार्यालय भी पहुंची।
चंडीगढ़। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी (विशेष ड्यूटी अधिकारी) राजबीर घुम्मन के संगरूर स्थित घर पर छापेमारी की है। इसके अलावा उनके भाई के मोहाली स्थित घर पर भी सीबीआई की टीम पहुंची। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहाली के फेज-11 में ओएसडी राजबीर घुम्मन के भाई गुरकिरपाल सिंह थिंद के घर पर भी छापा मारा गया है। सीबीआई की टीम मुख्यमंत्री कार्यालय भी पहुंची हुई है।
सीएम मान ने X पर दी प्रतिक्रिया
सीबीआई की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने X पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "भाजपा ने पंजाब में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेरे कैंप ऑफिस में सीबीआई की रेड की गई है। अब पंजाब में ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जाएगा, ताकि पंजाब सरकार और मुझे बदनाम किया जा सके। लोगों से मिल रहे प्यार को देखकर भाजपा घबराहट में है।"
हाईकोर्ट ने CBI जांच के दिए थे आदेश
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। बीते रोज पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने इन आरोपों की जांच CBI को सौंपने के आदेश दिए थे।
कोर्ट ने पंजाब के डीजीपी को ईडी की ओर से भेजे गए पत्रों की जांच CBI को सौंपने के निर्देश दिए थे। ईडी ने पंजाब के डीजीपी को तीन पत्र भेजकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
पंजाब पुलिस की ओर से मामला दर्ज नहीं किए जाने के बाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। इसी याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मामले की जांच CBI से कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद सीबीआई की ओर से यह छापेमारी की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.