तरनतारन में त्योहारों से पहले बड़ी कार्रवाई, चार हैंड ग्रेनेड के साथ दो युवक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सीआईए स्टाफ ने खुफिया सूचना के आधार पर रात करीब दो बजे दबिश दी।
- कार्रवाई में थाना खालड़ा प्रभारी की टीम भी शामिल रही।
- पुलिस ने पहले कृष्ण सिंह को हिरासत में लिया था।
तरनतारन। त्योहारों के दौरान पंजाब में हिंसक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को पुलिस ने नाकाम करने का दावा किया है। तरनतारन के खेमकरण क्षेत्र में सीआईए स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये ग्रेनेड पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा पार भेजे गए थे और त्योहारों के दौरान इनका इस्तेमाल किए जाने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव धुन्न निवासी कृष्ण सिंह और प्रिंसपाल सिंह के तौर पर हुई है। दोनों के खिलाफ थाना खालड़ा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों को ग्रेनेड किसने उपलब्ध करवाए थे, इन्हें कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रात करीब दो बजे दी गई दबिश
सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह ने बताया कि खुफिया सूचना मिलने के बाद रात करीब दो बजे खेमकरण क्षेत्र में दबिश दी गई। इस कार्रवाई में थाना खालड़ा प्रभारी दिलबाग सिंह की टीम भी शामिल थी। पुलिस ने सबसे पहले कृष्ण सिंह को हिरासत में लिया। जांच के दौरान उसके कब्जे से चार ग्रेनेड बरामद हुए, जिसके बाद प्रिंसपाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आईएसआई कनेक्शन की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से कथित कनेक्शन की आशंका सामने आई है। पुलिस का मानना है कि विदेशों में बैठे अपराधी तत्वों के जरिए स्थानीय नेटवर्क को सक्रिय कर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की जा सकती थी। हालांकि, अभी तक आरोपियों के किसी आतंकी संगठन से सीधे संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।
ड्रोन नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई की जांच
पुलिस सीमा पार से हुई कथित हथियारों की सप्लाई, ड्रोन नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्कों और संभावित लक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.