ईडी के सवालों पर आजम खान का जवाब, बोले- सारे कागज आपके पास हैं, मैं क्या बताऊं

HIGHLIGHTS
- जौहर ट्रस्ट को 11 फर्मों के जरिए मिले चंदे की जांच कर रही है ईडी।
- रामपुर जिला जेल में आजम खां से करीब साढ़े सात घंटे पूछताछ हुई।
- ट्रस्ट के सदस्यों की भूमिका और वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े सवाल पूछे गए।
लखनऊ। जौहर ट्रस्ट को 11 फर्मों के जरिए मिले करोड़ों रुपये के चंदे के स्रोत और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को पूर्व मंत्री आजम खां से पूछताछ की। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित फर्मों से ट्रस्ट को रकम किस प्रक्रिया के तहत मिली और यह पैसा जौहर यूनिवर्सिटी तक कैसे पहुंचा।
रामपुर जिला जेल में करीब साढ़े सात घंटे तक चली पूछताछ के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों की भूमिका और वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े कई सवाल किए गए। हालांकि, इन लेन-देन में किसी तरह की अनियमितता हुई है या नहीं, इस पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
'सारे कागज आपके पास हैं, मैं क्या बताऊं'
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आजम खां ने कुछ सवालों के जवाब में कहा कि ट्रस्ट में कई सदस्य थे और उन्हें संबंधित मामलों की जानकारी नहीं है। दस्तावेजों से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा, 'सारे कागज आपके पास हैं, मैं क्या बताऊं।'
चंदा देने को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खां ने कहा कि डोनेशन देने के लिए किसी को धमकाया या डराया नहीं जा सकता। वहीं, एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की नजर में वह पहले दिन से ही दोषी हैं। कुछ सवालों पर उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात भी कही।
इस मामले में ईडी ट्रस्ट से जुड़े सालिम, सपा विधायक नसीर अहमद खां और चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत अन्य लोगों से भी पूछताछ कर चुकी है।
अब्दुल्ला आजम से भी हो सकती है पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, संबंधित लोगों के बयानों और उपलब्ध वित्तीय दस्तावेजों के आधार पर आजम खां से सवाल किए गए। अनवर के बयान से जुड़े तथ्यों की भी जांच के दौरान पड़ताल की जा सकती है। एजेंसी का मकसद संबंधित वित्तीय लेन-देन की परिस्थितियों और उसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है।
अब ईडी आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम से भी पूछताछ कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ईडी की तीन सदस्यीय टीम मंगलवार सुबह करीब 9:20 बजे रामपुर जिला जेल पहुंची थी। पूछताछ सुबह 10 बजे शुरू हुई और करीब साढ़े पांच बजे तक चली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.