भोपाल में किसानों का जमावड़ा, सिंघार-पटवारी बोले: किसानों के साथ खड़ी है कांग्रेस

HIGHLIGHTS
- मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर 2 हजार से ज्यादा किसान भोपाल पहुंचे।
- मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
- जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने किसानों का समर्थन करते हुए सरकार से बातचीत की मांग की।
मध्यप्रदेश में मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर राजधानी भोपाल पहुंचे किसानों का प्रदर्शन मंगलवार को तेज हो गया। करीब 2 हजार से ज्यादा किसान मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले, जिन्हें रोकने के लिए होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पहले भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच आमना-सामना हो गया। किसान नेताओं का कहना है कि वे मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना देंगे और जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक वापस नहीं लौटेंगे।
किसानों के कूच को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इससे पहले 11 मील बायपास पर भी पुलिस और किसानों के बीच बैरिकेडिंग को लेकर धक्का-मुक्की हुई थी। किसानों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की थी। इसके बाद होशंगाबाद रोड पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
ट्रैफिक डायवर्जन के कारण कटारा हिल्स रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर हजारों किसान भोपाल पहुंचे हैं।
पटवारी ने कहा कि किसानों का कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही वे वापस लौटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को हटाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर किसानों पर किसी भी तरह की कार्रवाई की गई तो भाजपा सरकार को इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
उमंग सिंघार ने किसानों से बातचीत की अपील की
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी किसानों के समर्थन में बयान दिया। उन्होंने कहा कि मूंग खरीदी, खाद वितरण व्यवस्था और अन्य मांगों को लेकर किसान भोपाल पहुंचे हैं और अपनी मांगों पर ठोस निर्णय चाहते हैं।
उन्होंने सरकार से अपील की कि किसानों के प्रतिनिधियों से तुरंत बातचीत कर समाधान निकाला जाए। सिंघार ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी तरह की सख्ती या अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.