फाजिल्का: स्कूलों को धमकी भरे संदेश मिलने से हड़कंप, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

HIGHLIGHTS
- बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।
- पुलिस और सुरक्षा टीमों ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली।
- जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
फाजिल्का। सीमावर्ती जिले फाजिल्का में शुक्रवार सुबह कई प्रमुख स्कूलों को ऑनलाइन धमकी भरे मैसेज मिलने के बाद अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने बिना कोई जोखिम लिए कई स्कूलों में तुरंत छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें, बम निरोधक दस्ता और एंटी-सबोटाज टीम संबंधित स्कूल परिसरों में पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने इलाके को घेरकर गहन तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री बरामद नहीं हुई थी।
दो दिन पहले जलालाबाद के स्कूलों को भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि दो दिन पहले जलालाबाद क्षेत्र के कई निजी और सरकारी स्कूलों को भी ईमेल के जरिए इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसरों को खाली कराया था और सुरक्षा बलों से जांच कराई थी। हालांकि, विस्तृत तलाशी के बाद वहां भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली थी और संदेश को अफवाह या फर्जी माना गया था।
साइबर टीम खंगाल रही तकनीकी जानकारी
अब पुलिस विभाग की साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वाला ईमेल या मैसेज किस आईपी एड्रेस से भेजा गया। अधिकारियों का मानना है कि क्षेत्र में डर और अफरा-तफरी फैलाने के उद्देश्य से शरारती तत्वों ने यह हरकत की हो सकती है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा जांच पूरी होने तक जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल दोषियों को जल्द ट्रेस कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.