एक बाइक पर पांच सवार, हाथ जोड़कर मांगनी पड़ी माफी; पुलिस ने किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- वायरल वीडियो मीरापुर के मुझेड़ा टोल प्लाजा का बताया गया।
- वीडियो में एक युवक बाइक चला रहा था और चार पीछे बैठे थे।
- पांचों युवक कैमरे की ओर देखकर पोज देते नजर आए थे।
मुजफ्फरनगर। एक बाइक पर पांच युवकों के सवार होकर हाईवे पर तेज रफ्तार में चलने का वीडियो वायरल होने के बाद मीरापुर पुलिस ने रविवार को पांचों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, युवक एक ही बाइक पर पांच सवारी बैठाकर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। साथ ही राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार और हुड़दंग करने की बात भी सामने आई। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया है।
रविवार रात करीब 10 बजे मीरापुर पुलिस की गिरफ्त में आए पांचों युवकों का वीडियो भी सामने आया। इसमें सभी युवक दिन के उजाले में पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती के लिए माफी मांगते नजर आ रहे हैं। उन्होंने भविष्य में यातायात नियमों का इस तरह उल्लंघन नहीं करने और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार नहीं करने की बात कही।
इससे पहले रात के समय एक बाइक पर पांच युवकों के पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर फर्राटा भरने का वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो मीरापुर के मुझेड़ा टोल प्लाजा का बताया गया था। वीडियो में एक युवक बाइक चला रहा था, जबकि चार युवक उसके पीछे बैठे हुए थे। पांचों युवक कैमरे की ओर देखकर पोज देते हुए भी नजर आए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। 4 अक्टूबर को मीरापुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान सम्भलहेड़ा क्षेत्र के पांच युवकों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान एक ही बाइक पर पांच लोग सवार मिले। इसके अलावा उनके द्वारा राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार और हुड़दंग करने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को सीज कर दिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान सुनील कुमार, बसंत कुमार, जोनी, रवि और मोन्टी कुमार के रूप में हुई है। सभी सम्भलहेड़ा गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक बाइक पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के बैठने से बाइक सवारों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। कार्रवाई के बाद पांचों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने का आश्वासन दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.