गुजरात के आणंद में मालगाड़ी बेपटरी, रेलवे की तत्परता से टला बड़ा हादसा

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद पश्चिम रेलवे के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
- रेलवे ने बताया कि मुख्य रेल यातायात पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
- डिब्बे को हटाने और ट्रैक बहाली का काम तेजी से शुरू किया गया।
अहमदाबाद। गुजरात के आणंद रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 की तरफ जा रही एक मालगाड़ी का एक डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पश्चिम रेलवे के पीआरओ अनुपम सक्सेना ने बताया कि इस घटना का मुख्य रेल यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है। ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार सामान्य रूप से जारी है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंडल रेल प्रबंधक (DRM) राजू भड़के भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों की निगरानी में तुरंत राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया गया।
युद्ध स्तर पर बहाली का काम जारी
पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बे को हटाने के लिए रेलवे की ओर से तेजी से काम किया जा रहा है। इसके लिए विशेष क्रेन को मौके तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं रेलवे इंजीनियरों और तकनीकी टीम द्वारा ट्रैक को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर डिब्बे को काटकर हटाने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और बेहतर प्रबंधन के चलते कम समय में स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। अधिकारियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे यात्रियों ने राहत महसूस की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.