मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा में नियम तोड़ना पड़ा भारी, कश्यप DJ का 50 हजार का कटा चालान

HIGHLIGHTS
- जांच में DJ की ऊंचाई, चौड़ाई और ध्वनि स्तर तय मानकों से अधिक मिले।
- पुलिस ने DJ वाहन से अतिरिक्त सामान हटवाकर नियमों का पालन कराया।
- कांवड़ यात्रा से पहले 448 DJ संचालकों को गाइडलाइन पालन के लिए नोटिस दिए गए थे।
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शासन की गाइडलाइन का पालन नहीं करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हरिद्वार से आ रहे ‘कश्यप DJ’ पर नियमों के उल्लंघन के मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपये का चालान किया है। जांच के दौरान डीजे की ऊंचाई, चौड़ाई और ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों से अधिक पाए गए।
पुलिस के मुताबिक, डीजे के ऊपर कई लोग बैठे हुए थे, जिससे हाईटेंशन बिजली लाइनों और अन्य बाधाओं के संपर्क में आने से हादसे की आशंका बनी हुई थी। इसके अलावा डीजे वाहन के कारण कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
मंसूरपुर में रुकवाकर सुधरवाए गए मानक
कार्रवाई के बाद पुलिस ने डीजे वाहन का पीछा कर उसे मंसूरपुर स्थित जियो पेट्रोल पंप पर रुकवाया। वहां डीजे से अतिरिक्त सामान हटवाया गया और उसकी ऊंचाई व चौड़ाई को निर्धारित मानकों के अनुसार कराया गया। इसके साथ ही ध्वनि स्तर को भी शासन की गाइडलाइन के मुताबिक तय कराया गया। सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही डीजे को आगे जाने की अनुमति दी गई।
448 डीजे संचालकों को पहले ही दिए गए थे नोटिस
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही 448 डीजे संचालकों को शासन के निर्देशों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद यदि कोई डीजे संचालक नियमों का उल्लंघन करता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा नियमों से नहीं होगा समझौता
पुलिस ने बताया कि जिले की सीमाओं, प्रवेश मार्गों और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर डीजे वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हो रहे हैं, ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस के अनुसार, तय सीमा से अधिक ऊंचाई, चौड़ाई, तेज ध्वनि या अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सभी डीजे संचालकों और शिवभक्तों से अपील की है कि वे शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.