बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों पर चलेगी कैंची, 50 से घटाकर 40 दिन करने की तैयारी

HIGHLIGHTS
- पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की सालाना छुट्टियां कम करने की तैयारी है।
- मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छुट्टियां 50 से घटाकर 40 दिन करने का निर्देश दिया।
- वित्त सचिव ने पहले 45 दिनों की छुट्टियों का प्रस्ताव तैयार किया था।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की सालाना छुट्टियों में कटौती की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों की वार्षिक छुट्टियों को करीब 50 दिन से घटाकर 40 दिन करने का निर्देश दिया है।
बुधवार रात राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त सचिव ने पहले 45 दिनों की छुट्टियों का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन उन्होंने इसमें और कटौती करते हुए इसे 40 दिन तक सीमित करने को कहा है।
हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि किन त्योहारों और विशेष अवसरों पर मिलने वाली छुट्टियां समाप्त की जाएंगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग सरकारी विभागों में काफी काम लंबित है। प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और कार्यसंस्कृति को बेहतर बनाने के लिए छुट्टियों की संख्या कम करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने वित्त सचिव को बुलाकर छुट्टियों में कटौती करने के लिए कहा था। उन्होंने 45 दिनों की सूची सौंपी थी, लेकिन मैंने इसे और कम करके 40 दिन करने का निर्देश दिया है।"
त्योहारों और खास मौकों की छुट्टियों में हो सकती है कमी
दरअसल, पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के साथ महापुरुषों की जयंती पर भी सरकारी छुट्टियों की संख्या बढ़ाई गई थी। अब नई सरकार इस सूची की समीक्षा कर छुट्टियों में कटौती करने की तैयारी कर रही है।
हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि किन त्योहारों और विशेष अवसरों की छुट्टियां समाप्त की जाएंगी। वित्त विभाग की ओर से नई सूची तैयार होने और आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
प्रस्तावित बदलाव लागू होने के बाद पश्चिम बंगाल के सरकारी कार्यालयों में कामकाज के दिनों की संख्या बढ़ सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.