जदयू की महाबैठक आज: विधान परिषद चुनाव में हार के बाद नीतीश कुमार की पार्टी करेगी समीक्षा

HIGHLIGHTS
- बिहार विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर हार के बाद जदयू की समीक्षा बैठक।
- दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में बैठक आयोजित।
- संजय झा और उमेश कुशवाहा करेंगे बैठक की अध्यक्षता।
बिहार विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर हार मिलने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने चुनावी नतीजों की समीक्षा शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में आज पार्टी के शीर्ष नेता प्रदेश कार्यालय में एकत्रित हुए हैं। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री और अन्य नेता शामिल हुए हैं।
चुनावी हार के कारणों पर होगा मंथन
विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर मिली हार के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आज समीक्षा बैठक बुलाई गई है। दोपहर दो बजे से पार्टी कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में यह बैठक आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा कर रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उन क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी जहां संगठन का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। साथ ही चुनाव के दौरान हुई रणनीतिक गलतियों और संगठनात्मक कमियों पर भी चर्चा होगी। इसके लिए जिलाध्यक्षों से फीडबैक लिया जा सकता है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मतदाताओं के बीच पार्टी की स्थिति और चुनाव प्रचार के दौरान सहयोगी दलों के साथ तालमेल जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में उन नेताओं की भूमिका की भी समीक्षा हो सकती है, जिनकी सक्रियता और चुनाव में योगदान को लेकर सवाल उठे हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व यह जानने की कोशिश करेगा कि किन क्षेत्रों में संगठन ने बेहतर काम किया और किन जगहों पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। इसके अलावा चुनाव के दौरान उम्मीदवारों को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, इस पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर हार से बढ़ी चिंता
विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू उम्मीदवारों की हार पार्टी के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया था। उस समय ऐसी चर्चा थी कि अभिषेक झा एनडीए के घटक दलों के कुछ नेताओं के खिलाफ अपनी बात रख सकते हैं। हालांकि, उस दिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
इसके बाद संजय झा और उमेश कुशवाहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी थी। अब इन दोनों सीटों पर मिली हार के कारणों को लेकर विस्तार से समीक्षा की जा रही है। चुनाव के दौरान जदयू प्रत्याशियों ने सहयोगी दलों से मिले समर्थन और चुनावी तालमेल को लेकर भी सवाल उठाए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.