राहुल गांधी को किरेन रिजीजू की नसीहत, बोले- ये 7 काम कर लें तो कांग्रेस जीत सकती है ज्यादा सीटें

HIGHLIGHTS
- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने बुधवार को राहुल गांधी पर निशाना साधा।
- रिजीजू ने कांग्रेस को ज्यादा सांसद जिताने के लिए सात शर्तें बताईं।
- उन्होंने राहुल गांधी को भारत में अधिक समय बिताने की सलाह दी।
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पार्टी को लेकर सात शर्तें सामने रखीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस लोकसभा में ज्यादा सांसद जिताना चाहती है, तो राहुल गांधी को कुछ बातों पर अमल करना होगा।
रिजीजू ने कहा कि राहुल गांधी को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और भारत विरोधी लोगों से मुलाकात करने से बचना चाहिए। प्रधानमंत्री के साथ खुली बहस की मांग को लेकर भी वह राहुल गांधी और कांग्रेस के दूसरे नेताओं पर लगातार निशाना साधते रहे हैं।
राहुल गांधी के सामने रखीं सात शर्तें
बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए किरेन रिजीजू ने कहा कि राहुल गांधी अगर सात शर्तें पूरी करते हैं, तो कांग्रेस पार्टी ज्यादा सांसद जिता सकती है। उन्होंने इन शर्तों को व्यंग्यात्मक अंदाज में पेश किया।
रिजीजू ने पहली शर्त में कहा कि राहुल गांधी को भारत में ज्यादा समय बिताना चाहिए और बार-बार गुप्त रूप से विदेश में छुट्टियां मनाने से बचना चाहिए।
दूसरी शर्त के तहत उन्होंने कांग्रेस नेता को वरिष्ठों का सम्मान करने और भारतीय परंपराओं के अनुसार बुजुर्गों से महत्वपूर्ण सीख लेने की सलाह दी। तीसरी शर्त में उन्होंने भारत विरोधी लोगों से मुलाकात नहीं करने और उनके एजेंडे को आगे बढ़ाने से बचने की बात कही।
चौथी शर्त में रिजीजू ने राहुल गांधी से भाजपा, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत खत्म करने को कहा। उन्होंने सलाह दी कि भाजपा को राजनीतिक विरोधी के तौर पर देखा जाना चाहिए, न कि दुश्मन के रूप में।
इसके अलावा, उन्होंने राहुल गांधी से संसद की कार्यवाही को गंभीरता से लेने और सांसदों को सदन में बहस तथा चर्चा में हिस्सा लेने देने की बात कही।
संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करने की सलाह
अपनी आखिरी दो शर्तों में केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से भारतीय संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने को कहा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी को एक लोकतांत्रिक दल के रूप में काम करने देने और वंशवादी राजनीति को समाप्त करने की सलाह दी।
इससे पहले बुधवार को किरेन रिजीजू ने संसद में दिए गए अपने भाषण का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया था। उस दौरान विपक्ष के नेता सदन से बाहर चले गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.