उत्तरकाशी में बड़ा हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी में समाया वाहन; 5 की मौत, 2 लापता

HIGHLIGHTS
- उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ।
- गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
- वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई से होते हुए नदी में समा गया।
उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले सात लोगों के साथ उत्तराखंड के उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार सुबह एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे।
गंगोत्री धाम जाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, वाहन बृहस्पतिवार सुबह हिना के पास से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। सभी यात्री दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की तरफ बढ़ते समय अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाया।
हादसे के बाद घटनास्थल और नदी के किनारे भयावह स्थिति देखने को मिली। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए गए। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जबकि बाकी दो लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।
पुलिस और SDRF की टीमें चला रही हैं सर्च अभियान
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचने के बाद बचाव दलों ने राहत कार्य शुरू किया और नदी के आसपास तलाश अभियान चलाया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों को खोजने में जुटी हैं। साथ ही वाहन में सवार सभी लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.