भारी बारिश से कई राज्यों में तबाही, केरल में 8 की मौत; कई राज्यों में अलर्ट जारी

HIGHLIGHTS
- केरल में बारिश से 27 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त, हजारों लोग राहत शिविरों में पहुंचे।
- शिवमोगा में भूस्खलन से एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई।
- IMD ने कई राज्यों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी कर सतर्क रहने को कहा।
देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं ने व्यापक तबाही मचाई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 2 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। उधर, केरल में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक आठ लोगों की जान जा चुकी है, जबकि आठ अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। वर्षाजनित घटनाओं में 13 लोग घायल भी हुए हैं।
मौसम विभाग ने राजस्थान, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा के लिए अत्यधिक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, केरल में रविवार को मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार और पोरिंगलकुथु बांधों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में बारिश से जनजीवन प्रभावित
शनिवार को केरल में हुई मूसलाधार बारिश के कारण आठ लोगों की मौत हो गई। राज्य के कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। अब तक 27 मकान पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं, जबकि 196 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बनाए गए 209 राहत शिविरों में 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
दिल्ली में हल्की बारिश का अनुमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
कर्नाटक के शिवमोगा में भूस्खलन, एक परिवार के तीन लोगों की मौत
कर्नाटक के शिवमोगा जिले के इंदिरा नगर में रविवार तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक झोपड़ी मलबे में दब गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें तीन साल का एक बच्चा भी शामिल है। मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेनी (28) और उनके बेटे संतोष के रूप में हुई है। यह परिवार कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारू गांव का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, परिवार रात करीब 2:30 बजे झोपड़ी में सो रहा था, तभी पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। पास की एक अन्य झोपड़ी में रहने वाला एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार बारिश के चलते हुए इस भूस्खलन के बाद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे से शवों को बाहर निकाला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.