बंगाल के लिए हाई-स्पीड रेल और माल गलियारा प्रस्ताव, राज्यपाल ने की बजट की सराहना

कोलकाता: बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए 2026-27 के केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे संतुलित, दूरदर्शी और समावेशी बताया। राज्यपाल ने कहा कि बजट में समाज के सभी वर्गों की अपेक्षाओं के साथ-साथ राष्ट्र की प्राथमिकताओं को भी ध्यान में रखा गया है।
बंगाल के लिए विशेष पहल
राज्यपाल ने बताया कि बजट में बंगाल के लिए बुनियादी ढांचे, रेलवे और पर्यटन से जुड़े कई प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें डानकुनी से सूरत तक नया समर्पित माल ढुलाई गलियारा और उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी से वाराणसी के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का प्रस्ताव शामिल है। उन्होंने कहा कि ये पहल राज्य के लिए नए अवसर पैदा करेंगी।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि बंगाल के लोग बजट की इन नई योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि बजट विकास-केंद्रित है और इसमें किफायती आवास, कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे आर्थिक विकास की निरंतर गति बनी रहेगी।
पर्यटन और रोजगार पर जोर
राज्यपाल ने यह भी कहा कि बजट में पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास के प्रमुख स्तंभ के रूप में बढ़ावा दिया गया है, जिससे बंगाल को काफी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और उपभोक्ता खर्च को सशक्त करने के लिए बजट में संतुलित दृष्टिकोण अपनाया गया है।
राज्यपाल का संदेश
राज्यपाल ने कहा, “विकसित भारत का मार्ग विकसित बंगाल से होकर गुजरेगा। यह बजट राज्य और उसके लोगों के लिए नए उत्साह और अवसरों के द्वार खोलेगा।”
सुवेंदु अधिकारी ने भी किया सराहना
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बजट देश और बंगाल दोनों के लिए बहुत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि अब सभी मरीजों को दवाइयां सस्ती मिलेंगी और मध्यम वर्ग के लोगों को टैक्स में राहत मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.