गुरुग्राम में हिट एंड रन: महिला राइडर को कार ने मारी टक्कर

HIGHLIGHTS
- घटना के दौरान महिला बाइकर को सड़क पर गिरने से चोटें आईं।
- हादसे के बाद स्पोर्ट्स बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती रही।
- सिया ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
गुरुग्राम। गुरुग्राम में महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया है। रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने महिला की स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह बाइक से नीचे गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
बाइक चला रही युवती की पहचान सिया के तौर पर हुई है। सड़क पर गिरने के कारण उन्हें चोटें भी आईं। सिया ने घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल के जरिए साझा की है।
गोल्फ कोर्स रोड पर ग्रुप के साथ कर रही थीं राइड
सिया के मुताबिक, वह रविवार को अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं।
उनका आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार लोग उनका पीछा कर रहे थे। सिया ने बताया कि कार उनके नजदीक आई और उसमें बैठे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी करना शुरू कर दिया।
ओवरटेक कर बाइक में मारी टक्कर
सिया ने कार सवारों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने सिया से बाइक रोकने को कहा। सिया का कहना है कि कार में मौजूद लोग नशे में लग रहे थे। कुछ समय बाद कार ने ओवरटेक किया और उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।
घटना का वीडियो उनकी बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। सिया ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर भी साझा किया है। वीडियो में कार की टक्कर के बाद बाइक के सड़क पर घिसटने का पूरा दृश्य दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने मामले का लिया संज्ञान
सिया ने कार से जुड़ी जानकारी भी साझा की है। कार का नंबर एचआर30वाई4949 बताया गया है और आरसी मालिक का नाम मनीष बताया जा रहा है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.