हरियाणा पुलिस में 2030 तक 28 हजार जवानों की होगी भर्ती, 4,430 करोड़ रुपये होंगे खर्च

HIGHLIGHTS
- हरियाणा पुलिस में भर्ती प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना बनाई गई है।
- पुलिस के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे के लिए 658 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी गई है।
- साइबर अपराधों से निपटने के लिए एच4सी के 204 नए पदों को मंजूरी मिली है।
हरियाणा। हरियाणा पुलिस में वर्ष 2030 तक चरणबद्ध ढंग से 28 हजार जवानों की भर्ती की जाएगी। इसके तहत मार्च तक करीब 15 हजार पदों पर नियुक्ति की योजना है, जबकि वर्ष 2028 से 2030 के बीच लगभग 13 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इस संबंध में प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हरियाणा पुलिस के महानिदेशक अजय सिंघल ने बुधवार को पुलिस शहीदी दिवस के अवसर पर बताया कि राज्य सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, नई भर्तियों और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए कई कदम उठा रही है। पुलिस के बुनियादी ढांचे और आधुनिकीकरण के लिए 658 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि आवंटित की गई है।
साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए एच4सी के 204 नए पदों को मंजूरी दी गई है। इन पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, आतंक निरोधी दस्ता (एटीएस) गठित करने और नई भर्तियों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की योजना है। हाल ही में पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में प्रदेश की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू की गई है। भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा।
नौ महीने में कुल अपराधों में 9.35 प्रतिशत की कमी
डीजीपी अजय सिंघल के अनुसार, जनवरी से सितंबर के बीच पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में कुल अपराधों में 9.35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों में भी कमी आई है। जनवरी 2026 में जहां करीब 13 हजार शिकायतें दर्ज थीं, वहीं सितंबर में यह संख्या घटकर लगभग 11 हजार रह गई। इस तरह शिकायतों में करीब 17 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
जनवरी से सितंबर तक साइबर अपराध के लगभग चार हजार मामले दर्ज किए गए और करीब छह हजार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान साइबर ठगी की लगभग 40 प्रतिशत राशि को होल्ड या रिकवर कराया गया। वर्ष 2021 में शुरू की गई डायल-112 सेवा के जरिए अब तक करीब 75 लाख नागरिकों को सहायता प्रदान की जा चुकी है।
पुलिस के बुनियादी ढांचे पर खर्च होंगे 4,430 करोड़ रुपये
वर्ष 2025-26 में लगभग 238 करोड़ रुपये की लागत से आठ पुलिस थानों, तीन पुलिस चौकियों और 313 आवासीय इकाइयों सहित विभिन्न विकास कार्य पूरे किए गए। मार्च 2027 तक 1,043 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना है।
इसके अलावा, वर्ष 2030-31 तक पुलिस के बुनियादी ढांचे के विकास पर 4,430 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पुलिस आवासों की संख्या भी वर्ष 2030 तक करीब 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार करने की योजना है।
विदेश में रह रहे गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई
डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि विदेश में रह रहे गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के विरुद्ध हरियाणा पुलिस तथा एसटीएफ कार्रवाई कर रही हैं। वर्ष 2019 से अब तक 28 गैंगस्टरों को विदेश से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित कराया जा चुका है। इसके अलावा, 14 अन्य गैंगस्टर विदेश में हिरासत में हैं और उन्हें लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.