आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, महिला समेत तीन की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार सामने चल रहे कंटेनर से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल को लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी यात्री बिहार से राजस्थान लौट रहे थे। वाहन को राजस्थान के चूरू निवासी सोहेब चला रहे थे। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
रविवार रात करीब दो बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर पहुंचने के दौरान कार अचानक आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर के पिछले हिस्से में फंस गई। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक को हादसे की जानकारी नहीं हुई और वह कुछ दूरी तक वाहन को घसीटता रहा। बाद में वह कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया।
हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फतेहाबाद थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और फरार कंटेनर चालक की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.