वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी खबर, नवंबर से महंगा हो सकता है हेलीकॉप्टर किराया

HIGHLIGHTS
- हेलीकॉप्टर किराए में करीब 15 फीसदी बढ़ोतरी की संभावना है।
- एक तरफ का मौजूदा किराया 2320 रुपये है।
- बढ़ोतरी के बाद एक तरफ का किराया 2700 रुपये हो सकता है।
वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। अब हेलीकॉप्टर सेवा का इस्तेमाल करने के लिए अधिक किराया देना पड़ सकता है। कंपनियां किराए में करीब 15 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती हैं। नए नियम शारदीय नवरात्र के बाद एक नवंबर से लागू होने की संभावना है।
फिलहाल एक तरफ का किराया 2320 रुपये है। बढ़ोतरी के बाद यह किराया 2700 रुपये तक हो सकता है। यानी करीब 380 रुपये का इजाफा होगा।
वहीं, दोनों तरफ के सफर के लिए अभी 4650 रुपये किराया देना पड़ता है। बढ़ोतरी के बाद यह 5400 रुपये हो सकता है। इस तरह किराए में 790 रुपये की बढ़ोतरी होगी। किराए में इजाफे की वजह एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी बताई जा रही है। इसके साथ ही वैष्णो देवी धाम में कई अन्य बदलाव भी होने जा रहे हैं।
आइए सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं कि माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा में कौन-कौन से 6 बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं या हाल ही में हुए हैं...
1. नए हेलीपैड से शुरू होगी सेवा
नवरात्र के आसपास ताराकोट मार्ग के पास बने नए हट हेलीपैड से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। भविष्य में इसी हेलीपैड से कटड़ा से शिवखोड़ी के बीच भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जानी है।
शिवखोड़ी भगवान शिव को समर्पित धाम है। फिलहाल कटड़ा से सांझी छत्त के बीच हेलीकॉप्टर सेवा कटड़ा के सेरली हेलीपैड से संचालित हो रही है।
2. नई रोपवे परियोजनाओं पर तेजी
भवन से भैरव घाटी तक रोपवे के बाद अब यात्रियों की सुविधा के लिए कटड़ा से वैष्णो देवी धाम तक भी रोपवे लगाया जा रहा है। इस परियोजना की लागत 350 करोड़ रुपये है।
3. RFID कार्ड और डिजिटल ट्रैकिंग
यात्रा रजिस्ट्रेशन को ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाने के लिए RFID कार्ड प्रणाली को मजबूत और सख्त किया जा रहा है। अब बिना RFID कार्ड के कोई भी यात्री बाणगंगा चेकप्वाइंट से आगे नहीं जा सकेगा। RFID कार्ड के जरिए यात्री की हर गतिविधि को ट्रैक किया जाता है।
4. श्रद्धालुओं को पंचमेवा प्रसाद
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए एक पहल की है। माता रानी के चरणों में अर्पित करने और वितरण के लिए विशेष पंचमेवा प्रसाद भक्तों को दिया जाता है। इसकी पैकेजिंग ऑरेंज कलर की होती है। इसमें सूखे मेवे, पवित्र मौली और मां वैष्णो देवी के आशीर्वाद के प्रतीक के तौर पर विशेष सिक्का शामिल होता है।
5. चिनाब नदी के किनारे क्रूज रेस्तरां
माता वैष्णो देवी और शिवखोड़ी आने वाले श्रद्धालु अब दर्शन के बाद चिनाब नदी की ठंडी हवाओं के बीच खाने का आनंद ले सकेंगे। पौनी मार्ग पर चिनाब ब्रिज के पास क्रंची क्रूज रेस्तरां खोला गया है। यहां श्रद्धालुओं को वेज और स्वादिष्ट खाना परोसा जाएगा।
6. हेलीकॉप्टर टिकट महंगा
एक नवंबर से श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट के लिए अधिक भुगतान करना पड़ सकता है। फिलहाल रोजाना दो कंपनियों के 70 हेलीकॉप्टर यहां सेवाएं दे रहे हैं। सामान्य दिनों में दोनों कंपनियों के हेलीकॉप्टर रोजाना 60 से 70 उड़ानें भरते हैं।
सेवा रोज सुबह करीब सात बजे से शाम पांच बजे तक सुचारू रहती है। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर सेवाएं सस्पेंड भी की जाती हैं। आधिकारिक समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक है।
एक बार में हेलीकॉप्टर में करीब पांच से छह श्रद्धालु सवार होते हैं। सांझीछत्त से मां वैष्णो के भवन की दूरी करीब दो किलोमीटर है। जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं के लिए घोड़ा-पिट्ठू और पालकी की सुविधा भी उपलब्ध रहती है।
कैसे करें टिकट बुक?
वैष्णो देवी हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उपलब्ध स्लॉट के अनुसार टिकट बुक किया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.