यूपी: रामपुर में CRPF आतंकी हमले के मामले में बरी हुए शरीफ की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश के रामपुर में मोहम्मद शरीफ खां (53) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- शरीफ सीआरपीएफ आतंकी हमले के मामले में बरी होने के बाद करीब एक साल से घर पर रह रहे थे।
- मंगलवार शाम वह अपने बेटे के साथ खजुरिया थाने गए थे।
उत्तर प्रदेश के रामपुर में सीआरपीएफ आतंकी हमले के मामले में बरी होने के बाद करीब एक साल से घर पर रह रहे मोहम्मद शरीफ खां (53) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह खजुरिया थाना क्षेत्र के अकिलपुर उर्फ बदनपुरी गांव के निवासी थे। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे खजुरिया थाने के पास बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना के समय शरीफ अपने बेटे मोहम्मद वाइज खां के साथ थाने से घर लौट रहे थे।
गोली लगने से शरीफ बाइक से नीचे गिर पड़े। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया और खजुरिया पुलिस पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। सीओ पीपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कई बार फोन कर सिपाही ने थाने बुलाया था
मृतक के परिजन मोहम्मद शाहीन खां के अनुसार, मंगलवार को खजुरिया थाने में तैनात एक सिपाही ने उन्हें कई बार फोन किया था। सिपाही ने उनसे कहा कि वह अपने बड़े भाई मोहम्मद शरीफ खां को थाने भेज दें, क्योंकि थाना प्रभारी उन्हें बुला रहे हैं। इसके बाद शरीफ शाम करीब 6:30 बजे अपने बेटे मोहम्मद वाइज खां के साथ थाने पहुंचे।
थाने से कुछ दूरी पर नकाबपोश हमलावरों ने की फायरिंग
मृतक के बेटे वाइज खां ने बताया कि थाने पहुंचने पर थाना प्रभारी वहां नहीं मिले। इसके बाद वह अपने पिता को बाइक पर पीछे बैठाकर घर लौटने लगे। खजुरिया-गोधी रोड पर थाने से कुछ दूरी आगे बढ़ने पर पीछे से दूसरी बाइक पर आए दो नकाबपोश युवकों ने उनके पिता पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में शरीफ गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। वाइज खां के मुताबिक, वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों हमलावर गोधी गांव की ओर फरार हो गए।
निजी अस्पताल ले जाने से रोकने का परिजनों ने लगाया आरोप
गोलीबारी की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद खजुरिया थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे। इस बीच शरीफ के परिवार के अन्य सदस्य भी वहां आ गए।
परिजन घायल शरीफ को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाना चाहते थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया और अपनी मौजूदगी में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने शरीफ को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए हत्या की साजिश के आरोप
अस्पताल में परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि शरीफ की हत्या सुनियोजित तरीके से कराई गई है। उनका कहना था कि थाने का एक सिपाही सुबह से ही लगातार फोन करके शरीफ को बुला रहा था, लेकिन जब वह थाने पहुंचे तो थाना प्रभारी वहां मौजूद नहीं थे। परिजनों के मुताबिक, शरीफ एक सिपाही और दरोगा के सामने पेश होने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ।
ग्राम प्रधान ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्राम प्रधान गुरविंदर सिंह ने भी पुलिस पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि घटना और हमलावर सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं।
अस्पताल में सीओ पीपी सिंह के साथ कई थानों की पुलिस पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
पुलिस ने क्या कहा?
एएसपी अनुराग सिंह के मुताबिक, शरीफ अहमद को थाने से लौटते समय दो बाइक सवारों ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एएसपी ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.