पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंच रही थी हेरोइन, मोहाली में चार तस्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मोहाली पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।
- सीआईए स्टाफ खरड़ ने फिरोजपुर जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- पुलिस के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे।
पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर ड्रोन के जरिए सीमा पार से हेरोइन मंगवाकर मोहाली, चंडीगढ़ और ट्राइसिटी के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने वाले गिरोह का मोहाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच अवैध पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और एक क्रेटा कार बरामद की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपियों के पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में होने की जानकारी मिली है।
कार से करते थे नशे और हथियारों की तस्करी
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि 7 नवंबर को सीआईए स्टाफ की टीम खरड़ इलाके में गश्त कर रही थी और संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फिरोजपुर जिले के चार युवक नशे और अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल हैं। ये आरोपी क्रेटा कार में सवार होकर मोहाली के अलग-अलग क्षेत्रों में नशीले पदार्थों और हथियारों की सप्लाई करने आते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ड्रोन के जरिए सीमा पार से मंगवाते थे हेरोइन
पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी पाकिस्तान आधारित पीआईओ (पाकिस्तान बेस्ड हैंडलर्स) के संपर्क में थे। ये लोग सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हेरोइन को तय किए गए स्थानों से उठाते थे। इसके बाद अधिक मुनाफा कमाने के लिए मोहाली, चंडीगढ़ और ट्राइसिटी के दूसरे इलाकों में नशे की सप्लाई करते थे।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इसके अलावा हथियारों की सप्लाई के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।
फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (23), निवासी गुरुहरसहाय, सुनील उर्फ सन्नी (26), निवासी गांव कमालवाला, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी (24), निवासी गांव इसा पंज गराईं और सुखचैन सिंह उर्फ सुख्खा (23), निवासी गद्दू खिलचा, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
आरोपियों के पास से हथियार और नशा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ये सामान बरामद किया है:
जिगाना 30 बोर पिस्तौल: 1
32 बोर पिस्तौल: 2
315 बोर पिस्तौल: 2
हेरोइन: 100 ग्राम
ड्रग मनी: 1 लाख रुपये
क्रेटा कार: 1
इस मामले में 7 नवंबर को थाना सिटी खरड़ में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 388 दर्ज की गई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उनसे सीमा पार बैठे हैंडलरों, ड्रोन के जरिए नशा पहुंचाने के ठिकानों और ट्राइसिटी में सक्रिय सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.