केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद, रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

HIGHLIGHTS
- भैयादूज के पावन पर्व पर सुबह 8:30 बजे केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए।
- कपाट बंद होने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे।
- वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी हुई।
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सुबह 8:30 बजे विधि-विधान से कपाट बंद किए गए। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे। इस दौरान पूरा धाम हर-हर महादेव और जय श्री केदार के जयकारों से गूंज उठा।
कपाट बंद होने के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न दानदाताओं और आईटीबीपी की ओर से भंडारों की व्यवस्था की गई थी। आसपास की पहाड़ियों पर बीते दिनों हुई बर्फबारी के कारण धाम में काफी ठंड रही, लेकिन इसके बावजूद बाबा के दर्शन करने और कपाट बंद होने के पल को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया बुधवार तड़के तीन बजे मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। सुबह पांच बजे से अनुष्ठान किए जाने लगे। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की मौजूदगी में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। इसके बाद शिवलिंग को स्थानीय फूलों, ब्रह्मकमल और भस्म से ढका गया तथा गर्भगृह के कपाट बंद किए गए।
इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को सभा मंडप से मंदिर परिसर में लाया गया। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और जय श्री केदार के जयकारों के बीच शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। डोली का पहला पड़ाव रामपुर होगा। इसके बाद 12 नवंबर को विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी और 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। शीतकाल के दौरान भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।
इस अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का श्री केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यात्रा सीजन के दौरान रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि अब कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु सर्दियों में भी भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच सकें।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सात नवंबर को भगवान केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल और रक्षक बाबा भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे।
कपाट बंद होने के दौरान बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मंदिर समिति के सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.