बागेश्वर में मानवता की मिसाल: बीमार महिला को डोली में 10 किमी पैदल ले गए ग्रामीण

HIGHLIGHTS
- बागेश्वर के जातौली गांव में महिला की तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने डोली बनाकर 10 किमी पैदल रास्ता तय किया।
- गांव में सड़क, मोबाइल नेटवर्क और एंबुलेंस सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
- ग्रामीणों ने बताया कि बुनियादी सुविधाओं के लिए आवेदन के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बागेश्वर। बारिश, फिसलन भरे रास्तों और जगह-जगह उफनते गधेरों के बीच पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों को एक बार फिर मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा। प्रकृति जैसे ग्रामीणों के धैर्य की परीक्षा ले रही थी।
जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर कपकोट ब्लॉक की ग्राम पंचायत वाछम के दूरस्थ तोक जातौली में 50 वर्षीय दुर्गा देवी की अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने की थी।
गांव में न सड़क सुविधा है, न मोबाइल नेटवर्क और न ही एंबुलेंस बुलाने का कोई माध्यम। ऐसे में ग्रामीणों ने लकड़ी के दो डंडों पर तिरपाल और दरी बांधकर अस्थायी डोली तैयार की।
इसके बाद ग्रामीणों ने बीमार महिला को अपने कंधों पर उठाया और करीब 10 किलोमीटर के कठिन पैदल रास्ते को पार कर उन्हें खाती मोटर मार्ग तक पहुंचाया। वहां से महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खाती में भर्ती कराया गया।
ग्राम प्रधान दिनेश सिंह दानू ने बताया कि जातौली तोक के लगभग 30 परिवार आज भी सड़क और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उनका कहना है कि यदि गांव में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होता तो समय पर 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना देकर महिला को सीधे अस्पताल पहुंचाया जा सकता था।
उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले जिला मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी कपकोट और क्षेत्रीय विधायक को वी-सैट या सैटेलाइट फोन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लिखित आवेदन दिया गया था, जिससे आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों को मदद मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है और उनकी समस्याएं अभी भी सरकारी फाइलों तक सीमित हैं।
सड़क और संचार सुविधाओं की कमी के कारण पहाड़ी गांवों में हर आपात स्थिति जिंदगी और मौत के संघर्ष जैसी बन जाती है। दुर्गा देवी को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाने की घटना ने एक बार फिर दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को सामने ला दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.