मुजफ्फरनगर में नहर में कूदने जा रहे युवक-युवती को महिला ने खींचकर बचाया

HIGHLIGHTS
- युवक-युवती को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
- दोनों को काफी देर तक वहां मौजूद लोग समझाने की कोशिश करते रहे।
- सुरक्षित होने के बाद लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे नंगला गंगनहर पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक और युवती को संदिग्ध स्थिति में देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों पुल की मुंडेर पर खड़े थे और नहर में छलांग लगाने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर मौजूद लोग लगातार दोनों को समझाने में जुटे रहे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवती स्कूल ड्रेस में नजर आ रही है, जबकि युवक टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने हुए है। दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पुल की मुंडेर पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद हैं और उन्हें वहां से हटने के लिए समझा रहे हैं, लेकिन दोनों तत्काल पीछे हटने को तैयार नहीं दिखते।
महिला ने दोनों को खींचकर सुरक्षित जगह पहुंचाया
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक महिला अचानक आगे आती है। वह दोनों के हाथ पकड़कर पूरी ताकत से उन्हें अपनी ओर खींच लेती है। कुछ ही सेकंड में महिला युवक और युवती को पुल की खतरनाक जगह से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले आती है। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोग भी दोनों को पकड़ लेते हैं।
बचाने के बाद युवक के साथ मारपीट
दोनों के सुरक्षित होने के बाद मौके का माहौल बदल गया। लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि समझाने के बाद भी युवक के नहीं मानने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी। बाद में युवक और युवती को सिखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रेम संबंध की बात, कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि युवती इलाके के भंडूर गांव की रहने वाली है, जबकि युवक ककरौली क्षेत्र का निवासी है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों नहर में कूदने जैसा कदम क्यों उठाना चाहते थे, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.