नेपाल में बाढ़ के बीच भारत ने भेजी राहत सामग्री की दूसरी खेप, हिंडन से रवाना हुआ C-17

HIGHLIGHTS
- भारत ने नेपाल के लिए राहत सामग्री की दूसरी खेप भेजी।
- हिंडन एयरबेस से दवाइयां और खाने के पैकेट लेकर विमान रवाना हुआ।
- करीब 30 से 40 टन राहत सामग्री और मेडिकल सप्लाई भेजी जा रही है।
नई दिल्ली। बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए भारत ने मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री की दूसरी खेप भेजी है। हिंडन एयरबेस से यह उड़ान दवाइयां और खाने के पैकेट लेकर रवाना हुई। संकट की इस घड़ी में भारत लगातार अपने पड़ोसी देश नेपाल को सहायता पहुंचा रहा है।
रवाना होने से पहले वायुसेना का बयान
वायुसेना के अनुसार, बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए मानवीय सहायता, आपदा राहत सामग्री, दवाइयां और खाने के पैकेट लेकर हिंडन से दूसरी उड़ान रवाना हुई है। सी-17 ग्लोबमास्टर विमान के कमांडर कैप्टन एल. नायक ने बताया कि करीब 30 से 40 टन राहत सामग्री, मेडिकल सप्लाई और एनडीआरएफ का सामान ले जाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उड़ान में लगभग 1 घंटा 15 मिनट का समय लगेगा। विमान सुबह 9:30 बजे रवाना होगा और करीब 10:45 बजे काठमांडू में उतरने की उम्मीद है। जरूरत पड़ने पर हवा में 1 से 1.5 घंटे तक रुकने के लिए पर्याप्त ईंधन मौजूद है। यदि किसी देरी के कारण लैंडिंग नहीं हो पाती है, तो भारत में दो एयरबेस तय किए गए हैं, जिन्हें ईंधन भरने के लिए विमान के वहां पहुंचने की जानकारी दी गई है।
वेनेजुएला तक वायुसेना पहुंचा चुकी है राहत की मदद
एओसी हिंडन एयर फोर्स स्टेशन एयर कमोडोर आर. डोभाल ने कहा कि भारतीय वायुसेना ऐसी आपात स्थितियों के लिए हमेशा तैयार रहती है। इसी के तहत तुरंत एक सी-130जे हरक्यूलिस विमान तैयार किया गया। इसमें राहत सामग्री, दवाइयां और जनरेटर लोड किए गए। यह काम सिविल अधिकारियों और एनडीआरएफ की मदद से पूरा किया गया।
उन्होंने बताया कि विमान को तैयार कर जल्द से जल्द रवाना किया गया। इसने रात करीब 8:30 बजे उड़ान भरी और दो घंटे के भीतर नेपाल में लैंड कर करीब 10 टन सामान पहुंचाया। भारतीय वायुसेना भारत और नेपाल, म्यांमार तथा श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में अक्सर राहत अभियान चलाती रहती है। हाल ही में वेनेजुएला में भी एक ऑपरेशन चलाया गया था।
एयर कमोडोर ने कहा कि भारतीय वायुसेना दुनिया में कहीं भी जरूरत पड़ने पर मदद के लिए तैयार रहती है। मौजूदा अभियान के तहत एक विमान पहले ही रवाना हो चुका है और गुरुवार को एक सी-17 के रवाना होने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि अगर और मदद की जरूरत पड़ती है तो वायुसेना पूरी तरह तैयार है।
नेपाल की मदद के लिए आगे आया भारत
भारत ने बुधवार रात सैन्य परिवहन विमान के जरिए नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भेजी थी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारत ने नेपाल को 10 टन मानवीय सहायता सामग्री भेजी है। यह राहत सामग्री भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान से भेजी गई थी। विमान रात करीब 8:35 बजे हिंडन एयरबेस से काठमांडू के लिए रवाना हुआ था।
यूपी के फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे अपने नागरिकों की मदद के लिए कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, नेपाल में फंसे किसी यूपी निवासी के परिजन इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
दूतावास स्तर पर संपर्क
प्रदेश सरकार ने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए दूतावास स्तर पर भी संपर्क शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य नेपाल में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालना है। दूतावास के माध्यम से उन्हें आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों के लिए यह पहल राहत देने वाली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.