राम मंदिर में ज्वाइंट और डिप्टी सीईओ की नियुक्ति जल्द, CEO पैनल के नामों पर होगा विचार

HIGHLIGHTS
- जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर के पहले सीईओ का पद संभाला।
- ज्वाइंट सीईओ और डिप्टी सीईओ की नियुक्ति जल्द होगी।
- सीईओ पैनल के सुझाए नामों पर विचार किया जाएगा।
अयोध्या। राम मंदिर में पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति हो गई है। सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने गुरुवार को सीईओ के रूप में पदभार संभाल लिया। अब उनके सहयोग के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट जरूरत के अनुसार अन्य पदों पर नियुक्तियां करेगा।
सीईओ के बाद ज्वाइंट सीईओ और डिप्टी सीईओ का पद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि ट्रस्ट इन दोनों पदों पर जल्द नियुक्तियां करेगा।
इन पदों के लिए सीईओ पैनल में चयन समिति की ओर से सुझाए गए नामों पर विचार किया जाएगा। ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि चयन समिति ने सीईओ के लिए तीन नामों का पैनल दिया था। इसके अलावा भविष्य में जरूरत पड़ने पर नियुक्ति के लिए तीन अन्य नाम भी सुझाए गए हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति के बाद राम मंदिर से जुड़े सभी वैधानिक, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का निष्पादन अब सीईओ के स्तर से होगा। इसके साथ ही प्रतिदिन मंदिर आने वाले डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी भी सीईओ की होगी।
कई पदों पर की जाएंगी नियुक्तियां
इन जिम्मेदारियों के सुचारु संचालन के लिए ट्रस्ट और सीईओ के समन्वय से कई पदों पर नियुक्तियां होंगी। इन पदों का विस्तृत खाका जल्द तैयार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नियुक्तियों के लिए विज्ञापन भी जारी किए जा सकते हैं।
हालांकि, ज्वाइंट सीईओ और डिप्टी सीईओ के पदों पर नियुक्ति के लिए ट्रस्ट सीईओ पैनल में तीन सदस्यीय चयन समिति द्वारा सुझाए गए नामों पर विचार करेगा।
महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि समिति ने सीईओ पद के लिए जिन तीन नामों की सिफारिश की थी, उनमें से एक नाम का चयन हो चुका है। बाकी दो नामों को ज्वाइंट सीईओ और डिप्टी सीईओ के पदों के लिए आधार बनाया जाएगा।
इस पैनल में रिटायर्ड मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह और रिटायर्ड आईएएस श्रुति भारद्वाज के नाम शामिल थे। आवश्यकता के अनुसार ट्रस्ट इन दोनों से संपर्क कर अन्य पदों के लिए आमंत्रित कर सकता है।
उन्होंने बताया कि चयन समिति ने इसके अतिरिक्त भविष्य के लिए प्राथमिकता के आधार पर तीन और नाम सुझाए हैं। जरूरत पड़ने पर इन नामों का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सीईओ कार्यालय के लिए कितने कर्मचारियों की आवश्यकता होगी, इसकी संख्या जल्द तय की जाएगी।
प्रवक्ता पद पर भी जल्द होगा चयन
महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि पहले लिए गए निर्णय के अनुसार अभी ट्रस्ट के प्रवक्ता पद पर किसी व्यक्ति की नियुक्ति नहीं हुई है।
ट्रस्ट ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रहा है, जिसे मंदिर और उसके प्रबंधन की बारीक जानकारी हो और जो मीडिया के सामने मजबूती से ट्रस्ट का पक्ष उचित तरीके से रख सके। समस्त गतिविधियों से परिचित व्यक्ति का चयन जल्द प्रवक्ता पद के लिए किया जाएगा।
चार करोड़ के चेक मामले में ट्रस्ट नहीं करेगा कार्रवाई
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव रहे ट्रस्टी कृष्णमोहन ने कहा कि दान के तौर पर चार करोड़ रुपये का चेक देने वाली तमिलनाडु की महिला श्रद्धालु एस नागलक्ष्मी के खिलाफ ट्रस्ट की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि महिला ने स्वेच्छा से चार करोड़ दस हजार रुपये का दान दिया था। हालांकि, जब चेक को क्लियरेंस के लिए बैंक में लगाया गया तो उनके खाते में लगभग शून्य राशि थी। इसके बावजूद दान के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई करने का कोई औचित्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिला दोबारा संपर्क करती हैं तो ट्रस्ट आगे की कार्रवाई करेगा।
बता दें कि 23 अगस्त को एक महिला श्रद्धालु ने ट्रस्ट कर्मियों के लिए चार करोड़ रुपये और रामलला को दस हजार रुपये दान देने की बात कही थी। उनकी शर्त थी कि यह राशि सीधे कर्मचारियों के खातों में ट्रांसफर की जाए। ट्रस्ट ने ऐसी व्यवस्था नहीं होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उन्होंने इस खाते में रकम नहीं डाली थी।
ट्रस्ट की अगली बैठक दो दिसंबर को प्रस्तावित
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अगली त्रैमासिक बैठक दो दिसंबर को प्रस्तावित की गई है। ट्रस्ट अध्यक्ष के उत्तराधिकारी और विशेष आमंत्रित सदस्य महंत कमलनयन दास ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट की बैठक छह जुलाई, 22 जुलाई और दो सितंबर को हो चुकी है। इन बैठकों में कई अहम फैसले लिए गए हैं। ऐसे में दो दिसंबर को होने वाली बैठक को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.