शाहजहांपुर में कार की टक्कर से कांवड़िये की मौत, दो गंभीर घायल; हाईवे पर जाम

HIGHLIGHTS
- 45 कांवड़ियों का जत्था कछलाघाट से गोला के लिए निकला था।
- गांव महुरैया के पास कार की टक्कर से तीन कांवड़िये घायल हुए।
- अस्पताल में 17 वर्षीय दीपक को मृत घोषित किया गया।
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में कांवड़ लेकर गोला जा रहे बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव बरनई निवासी रविंद्र कुमार के 17 वर्षीय बेटे दीपक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में दो अन्य कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद कांवड़ियों ने पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर जाम लगा दिया।
गांव बरनई से 45 कांवड़ियों का जत्था एक ट्रैक्टर में दो ट्रालियां जोड़कर 11 अगस्त को कछलाघाट गया था। 12 अगस्त को श्रद्धालु वहां से कांवड़ लेकर गोला के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे जत्था खुटार-गोला बाईपास मार्ग से गुजर रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे चल रही थी, जबकि कांवड़ लेकर श्रद्धालु पीछे पैदल चल रहे थे।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार
गांव महुरैया के पास एक कार ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक के अलावा विकास और पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पुरेना निवासी दीनदयाल घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। विकास और दीनदयाल को इलाज के लिए पीलीभीत भेजा गया है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कांवड़ियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पहले घटनास्थल पर और बाद में कुछ दूरी पर खुटार-गोला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। गोला जाने और वहां से लौट रहे कांवड़िये भी जाम में शामिल हो गए, जिससे भीड़ बढ़ गई।
सूचना मिलने पर सीओ प्रवीण मलिक मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही बंडा और पुवायां थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया।
एसपी ग्रामीण भी मौके पर पहुंचीं
दीपक कुमार पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी खुटार पहुंचे। घायलों के परिजन पीलीभीत गए हैं।
जाम की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा भी मौके पर पहुंचीं और कांवड़ियों से बातचीत की। कांवड़िये कार और उसके चालक को पकड़े जाने की मांग कर रहे थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.