केरल में ईडी की कार्रवाई के बाद बवाल, विजयन के समर्थकों का प्रदर्शन, तोड़फोड़

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बुधवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन के आवास के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल)’ मामले से जुड़े जांच अभियान के तहत ईडी ने केरल के कई स्थानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी वीणा विजयन और अन्य संबंधित व्यक्तियों से जुड़े परिसरों पर भी तलाशी ली गई।
छापेमारी पूरी होने के बाद जब ईडी की टीम वहां से रवाना हो रही थी, तभी बड़ी संख्या में सीपीआई(एम) के कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है।
बताया जा रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी के वाहनों को रोकने की कोशिश की और काफिले पर पथराव भी किया गया। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और इलाके को घेर लिया गया।
इसी दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पिनाराई विजयन के आवास के बाहर जमा होकर केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कुछ लोगों ने परिसर में घुसने की कोशिश भी की, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
सीपीआई(एम) ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक रूप से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.