मैनपुरी: फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

मैनपुरी के करहल कस्बे में शनिवार दोपहर एक फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, करहल के पुराना थाना रोड निवासी रियाजुद्दीन उर्फ नत्थू की मैनपुरी रोड स्थित गिहार कॉलोनी के पास फर्नीचर की दुकान है। शनिवार दोपहर वह अपने कर्मचारियों के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान करीब साढ़े तीन बजे ऊपरी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे प्रतिष्ठान में फैल गईं।
दुकान से उठती लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर एसडीएम सुनिष्ठा सिंह और सीओ अजय चौहान पहुंच गए। शुरुआती तौर पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए इटावा और सैफई से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े।
करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान में रखा फर्नीचर, गद्दे और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। एसडीएम के निर्देश पर तहसील की टीम मौके पर पहुंचकर क्षति का सर्वे कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.