मुजफ्फरनगर में मिठाई की दुकान पर बड़ी कार्रवाई, 220 किलो रस माधुरी में मिले कीड़े

HIGHLIGHTS
- दीपावली से पहले मुजफ्फरनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज किया।
- गोपाल जी स्वीट्स से खोया का नमूना लिया गया।
- नेहा मिष्ठान भंडार में करीब 220 किलो रस माधुरी में कीड़े पाए गए।
मुजफ्फरनगर। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम शहर में विभागीय टीम ने मिठाई की दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान खोया और रस माधुरी के नमूने एकत्र किए गए। जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार में बिक्री के लिए रखी लगभग 220 किलो रस माधुरी में कीड़े पाए गए। इसके बाद पूरी मिठाई को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।
लखनऊ के आयुक्त के निर्देश और मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अर्चना धीरान तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। सबसे पहले टीम कस्बा कूकड़ा स्थित गोपाल जी स्वीट्स पहुंची, जहां से खोया का नमूना लिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने जौली रोड पर स्थित नेहा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां खाद्य कारोबारकर्ता जगदीश से रस माधुरी का सैंपल संग्रहित किया गया।
नेहा मिष्ठान भंडार में 220 किलो रस माधुरी में मिले कीड़े
निरीक्षण के दौरान नेहा मिष्ठान भंडार में बिक्री के लिए रखी करीब 220 किलो रस माधुरी में कीड़े पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, मिठाई के भंडारण में बरती गई लापरवाही के चलते उसमें कीड़े लग गए थे। स्थिति को देखते हुए टीम ने पूरी मात्रा को दुकान पर ही नष्ट करा दिया।
चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत पर भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आदर्श कॉलोनी स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर जांच की थी। यहां से कैडबरी बॉर्नविले ब्रांड की चॉकलेट का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि तीनों प्रतिष्ठानों से एकत्र किए गए नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को चलाए गए अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार भी मौजूद रहे।
मिलावट रोकने के लिए जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.